केदारताल ट्रेक हादसा: रेस्क्यू अभियान में बड़ी कार्रवाई, हेलीकॉप्टर से तीन शव मातली हेलीपैड पहुंचाए गए

Nov 4, 2026 - 15:48
Nov 4, 2026 - 15:51
 0

केदारताल ट्रेक हादसा: रेस्क्यू अभियान में बड़ी कार्रवाई, हेलीकॉप्टर से तीन शव मातली हेलीपैड पहुंचाए गए

नई दस्तक:- अमित नौटियाल 

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के दुर्गम केदारताल ट्रेक क्षेत्र में लापता ट्रेकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश के लिए चलाया जा रहा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। बुधवार, 04 नवंबर को रेस्क्यू टीमों को अभियान के दौरान तीन शव बरामद हुए, जिन्हें हेलीकॉप्टर की मदद से मातली हेलीपैड पहुंचाया गया। मृतकों में दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। वहीं, शेष लापता लोगों की तलाश के लिए विभिन्न रेस्क्यू एजेंसियों की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती 27 अक्टूबर को सात ट्रेकर्स और छह सपोर्टिंग स्टाफ सहित कुल 13 सदस्यीय दल गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। लेकिन अचानक खराब मौसम, भारी बर्फबारी और ग्लेशियर के कारण ट्रेक मार्ग अवरुद्ध हो गया। इसके चलते दल निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट सका, जिसके बाद प्रशासन को इसकी सूचना दी गई।

सूचना मिलने के बाद से ही SDRF उत्तराखंड पुलिस, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), वन विभाग और संबंधित ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें संयुक्त रूप से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई हैं।

सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में जारी है अभियान

सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में SDRF की टीमें अत्यंत दुर्गम और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों में अन्य रेस्क्यू एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर अभियान चला रही हैं। केदारताल क्षेत्र में भारी बर्फबारी, प्रतिकूल मौसम और ग्लेशियर की कठिन परिस्थितियों के बीच लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

रेस्क्यू अभियान के दौरान बरामद हुए तीनों शवों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से सुरक्षित रूप से मातली हेलीपैड, उत्तरकाशी पहुंचाया गया है। इसके बाद शेष लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए सर्चिंग अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।

प्रतिकूल मौसम के बावजूद रेस्क्यू टीमें जुटीं

केदारताल क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियां और मौसम रेस्क्यू टीमों के सामने बड़ी चुनौती बने हुए हैं। इसके बावजूद SDRF, NIM, वन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के जवान पूरी तत्परता और आपसी समन्वय के साथ अभियान में जुटे हैं।

प्रशासन एवं रेस्क्यू एजेंसियों का पूरा ध्यान शेष लापता व्यक्तियों का पता लगाने पर केंद्रित है। फिलहाल केदारताल क्षेत्र में सर्च एवं रेस्क्यू अभियान जारी है।

नई दस्तक | उत्तरकाशी

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0