उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी जिम्मेदारी, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित
उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी जिम्मेदारी, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित
नॉर्दर्न रीजन से निर्विरोध चुने गए डॉ. रावत, पहली बार उत्तराखंड को मिला राष्ट्रीय नेतृत्व का अवसर; स्काउट-गाइड आंदोलन को देशभर में मजबूत बनाने की होगी जिम्मेदारी
नई दस्तक:- अमित नौटियाल
देहरादून। उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है कि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रादेशिक अध्यक्ष डॉ. धन सिंह रावत को संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. रावत नॉर्दर्न रीजन से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इस निर्वाचन के साथ ही उत्तराखंड को पहली बार भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय स्तर पर इस महत्वपूर्ण पद का नेतृत्व करने का अवसर मिला है।
डॉ. धन सिंह रावत का निर्विरोध निर्वाचन न केवल उनके संगठनात्मक अनुभव और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण माना जा रहा है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड की बढ़ती भागीदारी और पहचान को भी दर्शाता है। इस उपलब्धि को प्रदेश के स्काउट-गाइड परिवार के लिए एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
आठ राज्यों और प्रमुख राष्ट्रीय संस्थानों का प्रतिनिधित्व करता है नॉर्दर्न रीजन
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का नॉर्दर्न रीजन व्यापक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करता है। इसमें उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त केंद्रीय विद्यालय संगठन, नवोदय विद्यालय समिति, नॉर्दर्न रेलवे, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे और नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों का प्रतिनिधित्व भी इस क्षेत्र में शामिल है।
ऐसे व्यापक प्रतिनिधित्व वाले क्षेत्र से डॉ. रावत का निर्विरोध निर्वाचित होना उत्तराखंड के लिए विशेष उपलब्धि है। इससे राष्ट्रीय संगठन में प्रदेश की भूमिका और प्रभाव को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश में स्काउट-गाइड आंदोलन को मजबूत बनाने में निभाई अहम भूमिका
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रादेशिक अध्यक्ष के रूप में डॉ. धन सिंह रावत ने उत्तराखंड में स्काउट-गाइड गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं। उनके नेतृत्व में राजकीय और निजी शिक्षण संस्थानों में स्काउट-गाइड इकाइयों के विस्तार तथा विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता पर विशेष ध्यान दिया गया।
उन्होंने युवाओं को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित न रखते हुए उनमें अनुशासन, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भावना विकसित करने पर जोर दिया। स्काउट-गाइड गतिविधियों के माध्यम से साहसिक कार्यक्रमों, सामाजिक जागरूकता अभियानों और जनसेवा से जुड़े कार्यों को भी प्रोत्साहित किया गया।
इन्हीं योगदानों के लिए डॉ. धन सिंह रावत को भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान 'सिल्वर एलीफेंट अवार्ड' से भी सम्मानित किया जा चुका है।
राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को नई दिशा देने की उम्मीद
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में डॉ. रावत की नई जिम्मेदारी से उत्तराखंड के स्काउट-गाइड आंदोलन को राष्ट्रीय मंच पर और अधिक पहचान मिलने की उम्मीद है। साथ ही संगठन की गतिविधियों के विस्तार, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और स्काउटिंग के मूल उद्देश्यों को मजबूत करने में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
इस अवसर पर डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर नॉर्दर्न रीजन से निर्विरोध निर्वाचित होना उनके लिए गौरव के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी का विषय है। उन्होंने इस उपलब्धि को उत्तराखंड के स्काउट-गाइड परिवार और प्रदेशवासियों को समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि स्काउटिंग युवाओं में अनुशासन, एकता, सेवा भावना और देशभक्ति की भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा देशभर में स्काउट-गाइड आंदोलन का विस्तार करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
डॉ. धन सिंह रावत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित होने से उत्तराखंड को राष्ट्रीय संगठन में एक महत्वपूर्ण स्थान मिला है। यह उपलब्धि प्रदेश के लिए सम्मान और भविष्य में युवाओं को नेतृत्व एवं सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का नया अवसर लेकर आई है।
नई दस्तक | देहरादून
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
