सीओ भगवानपुर ने किया थाना बुग्गावाला का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सीओ भगवानपुर ने किया थाना बुग्गावाला का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बुग्गावाला। जनपद में पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने, अपराध नियंत्रण और थानों की कार्यप्रणाली को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को सीओ भगवानपुर सुमित पाण्डे ने थाना बुग्गावाला का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की विभिन्न शाखाओं, सरकारी संपत्ति, शस्त्रों, अभिलेखों और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण की शुरुआत थाने में उपलब्ध सरकारी संपत्ति, शस्त्र एवं एम्युनेशन, दंगा नियंत्रण उपकरणों और आपदा प्रबंधन से संबंधित उपकरणों के निरीक्षण से हुई। इस दौरान सभी उपकरणों का रखरखाव संतोषजनक पाया गया। सीओ ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी मौजूदगी में वेपन हैंडलिंग कराई और शस्त्रों के सुरक्षित संचालन तथा उनकी नियमित साफ-सफाई के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद थाना भवन, परिसर, बैरक, मैस, मालखाना और हवालात का निरीक्षण किया गया। उन्होंने मालखाने में रखी सरकारी संपत्ति का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए।
सीओ ने थाने में लंबित मुकदमों से संबंधित माल, लावारिस संपत्ति और कुर्की से संबंधित माल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एमवी एक्ट, लावारिस एवं विभिन्न अभियोगों से संबंधित माल का शीघ्र निस्तारण करने के साथ ही नियमानुसार नीलामी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश थानाध्यक्ष और मालखाना मोहर्रिर को दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय एवं कंप्यूटर कक्ष का जायजा लेते हुए सीसीटीएनएस (CCTNS-CAS) सॉफ्टवेयर में नियमित रूप से कार्य करने पर जोर दिया गया। साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल सहित अन्य ऑनलाइन माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों और चरित्र सत्यापन से संबंधित प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण कर संबंधित अधिकारियों एवं विभागों को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए।
थाने में उपलब्ध विभिन्न अभिलेखों का भी निरीक्षण किया गया। अभिलेखों का रखरखाव संतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने उन्हें नियमित रूप से अद्यावधिक रखने और संबंधित शाखाओं एवं विभागों से उनका मिलान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समापन पर सीओ सुमित पाण्डे ने अपराधों की रोकथाम एवं नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों तथा न्यायालय और पुलिस स्तर से प्राप्त जांच एवं आदेशों का समयबद्ध और शीघ्र विधिक निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया। इसके अलावा राज्य एवं जनपद स्तर पर संचालित पुलिस अभियानों में सक्रियता और रुचि के साथ भागीदारी करने के निर्देश भी दिए।
अंत में सीओ ने थाना बुग्गावाला के समस्त पुलिस कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर उनकी समस्याओं और कठिनाइयों की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर थानाध्यक्ष सहित थाने का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
नई दस्तक | हर खबर पर पैनी नजर
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
