बारिश के तेज बहाव में बह गई 6 वर्षीय बालिका, पुलिस-SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
बारिश के तेज बहाव में बह गई 6 वर्षीय बालिका, पुलिस-SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
रावली महदूद में नाले के पास खेल रही थीं दो बालिकाएं, 7 वर्षीय हिमानी को स्थानीय लोगों ने सकुशल बचाया
हरिद्वार। जिले में हुई भारी बारिश के बीच सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। कृपाल स्कूल के पास पुलिया के नजदीक खेल रही दो बालिकाएं अचानक नाले में आए तेज पानी की चपेट में आ गईं। हादसे में एक 7 वर्षीय बालिका को स्थानीय लोगों की मदद से सकुशल बाहर निकाल लिया गया, जबकि 6 वर्षीय बालिका तेज बहाव में बह गई।
जानकारी के अनुसार, 07 सितंबर 2026 को थाना सिडकुल पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि रावली महदूद क्षेत्र में कृपाल स्कूल के पास पुलिया के निकट दो बालिकाएं बारिश के पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई हैं।
सूचना मिलते ही सिडकुल पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से 7 वर्षीय हिमानी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, दूसरी बालिका 6 वर्षीय विदिशा पुत्री गौतम कुमार, निवासी ग्राम फरीदपुर मान उर्फ पपड़ावली, थाना कोतवाली देहात, बिजनौर, हाल निवासी कृपाल स्कूल के पास रावली महदूद, पानी के तेज बहाव में बह गई।
पुलिस और SDRF ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सिडकुल के नेतृत्व में पुलिस टीम और SDRF की टीम ने तत्काल रेस्क्यू एवं सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। बालिका की तलाश के लिए घटनास्थल के साथ-साथ नाले के आसपास के संभावित क्षेत्रों में लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
बीती रात से पुलिस एवं SDRF की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। बालिका को तलाशने के लिए उपलब्ध संसाधनों के साथ स्थानीय लोगों की सहायता भी ली जा रही है और हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
बारिश में सावधानी बरतने की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान बरसाती नालों, पुलियाओं, जलभराव वाले स्थानों और तेज बहाव वाले पानी के आसपास बच्चों को न जाने दें। साथ ही किसी भी परिस्थिति में तेज बहाव वाले पानी को पार करने का जोखिम न उठाएं।
नई दस्तक | हरिद्वार
नोट: बालिका की तलाश के संबंध में पुलिस और SDRF का सर्च अभियान जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
