अमित शाह के उत्तराखंड दौरे को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारियां, रुड़की में हुई समीक्षा बैठक

Nov 2, 2026 - 18:32
 0
अमित शाह के उत्तराखंड दौरे को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारियां, रुड़की में हुई समीक्षा बैठक

अमित शाह के उत्तराखंड दौरे को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारियां, रुड़की में हुई समीक्षा बैठक

रुड़की। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के आगामी 6 नवंबर को प्रस्तावित देवभूमि उत्तराखंड दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को रुड़की स्थित जिला भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कार्यक्रम की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों, आपसी समन्वय और आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सुझाव भी लिए गए और उन्हें समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी तालमेल एवं समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का आह्वान किया।

वहीं, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का देवभूमि उत्तराखंड आगमन प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उनके स्वागत और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को पूरी जिम्मेदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम को भव्य स्वरूप दिया जाएगा और सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएंगी।

बैठक में कार्यक्रम की सफलता के लिए संगठनात्मक स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह बनाए रखने और सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, रुड़की की मेयर अनिता अग्रवाल, रुड़की विधानसभा प्रभारी संदीप गोयल, विधानसभा विस्तारक प्रदीप बिष्ट सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

नई दस्तक | रुड़की

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0