डाक कांवड़ का सैलाब चरम पर, 12वें दिन 63.60 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर रवाना

Aug 11, 2026 - 16:09
 0
डाक कांवड़ का सैलाब चरम पर, 12वें दिन 63.60 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर रवाना

डाक कांवड़ का सैलाब चरम पर, 12वें दिन 63.60 लाख शिवभक्त गंगाजल लेकर रवाना

अब तक 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार कांवड़िए पहुंचे अपने गंतव्य की ओर, भारी बारिश के बीच प्रशासन-पुलिस ने संभाला मोर्चा

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में डाक कांवड़ का सैलाब अब अपने चरम पर पहुंच गया है। हरकी पैड़ी से लेकर प्रमुख गंगा घाटों और कांवड़ यात्रा मार्गों तक हर ओर शिवभक्तों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। लगातार हो रही बारिश भी कांवड़ियों की आस्था और उत्साह को नहीं रोक पा रही है।

कांवड़ मेले के 12वें दिन सोमवार को 63 लाख 60 हजार शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। कांवड़ यात्रा शुरू होने से सोमवार शाम छह बजे तक कुल 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर अधिकारी और पुलिसकर्मी लगातार ग्राउंड जीरो पर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

बारिश के बीच डीएम ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

भारी बारिश के बीच जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शंकराचार्य चौक पहुंचकर डाक कांवड़ियों के लिए की गई सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने गंगा घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात पुलिस एवं सुरक्षा बलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

डीएम ने अधिकारियों से कहा कि भारी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं। ऐसे में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और सुरक्षाबलों को किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

जलभराव वाले क्षेत्रों का भी किया निरीक्षण

जिलाधिकारी ने भगत सिंह चौक, चंद्राचार्य चौक सहित जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

एसएसपी भी ग्राउंड जीरो पर सक्रिय

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में पुलिस ने कांवड़ मेले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। एसएसपी स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, भीड़ का दबाव नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों को लगातार मौके पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

कांवड़ मेला नोडल अधिकारी लगातार कर रहे निगरानी

एसपी सिटी एवं कांवड़ मेला नोडल अधिकारी अभय प्रताप सिंह भी लगातार ग्राउंड जीरो पर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस कंट्रोल रूम से लेकर कांवड़ मार्गों तक सूचनाओं का लगातार आदान-प्रदान किया जा रहा है। जहां भी भीड़ का दबाव बढ़ रहा है, वहां तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल भेजा जा रहा है।

शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं। चौकी प्रभारी, एलआईयू और एसओजी की टीमें भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ महत्वपूर्ण सूचनाएं जुटा रही हैं।

63.60 लाख कांवड़िए सोमवार को हुए रवाना

पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार सोमवार शाम छह बजे तक 63 लाख 60 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके थे। वहीं कांवड़ मेले की शुरुआत से अब तक यह आंकड़ा बढ़कर 4 करोड़ 43 लाख 78 हजार पहुंच गया है।

गंगा घाटों पर सावधानी बरतने की अपील

भारी बारिश और गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने शिवभक्तों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। श्रद्धालुओं से निर्धारित घाटों और कांवड़ मार्गों का ही इस्तेमाल करने तथा पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

प्रशासन का कहना है कि करोड़ों शिवभक्तों की आस्था से जुड़ी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी विभाग पूरी मुस्तैदी से काम कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0