परचम कुशाई की रस्म अदायगी के बाद साबिर पाक के 758वें उर्स का आगाज, रस्म-ए-परचम कुशाई में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब

Aug 13, 2026 - 17:43
 0
परचम कुशाई की रस्म अदायगी के बाद साबिर पाक के 758वें उर्स का आगाज, रस्म-ए-परचम कुशाई में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब

साबिर पाक के 758वें उर्स का आगाज, रस्म-ए-परचम कुशाई में उमड़ा अकीदतमंदों का सैलाब

नई दस्तक:-(मुनव्वर अली साबरीं)

सज्जादा नशीन शाह अली ऐजाज़ कुद्दुसी साबरी की सरपरस्ती में अदा हुई परचम कुशाई की रस्म, बरेली से 38वां परचम लेकर पहुंचा 150 अकीदतमंदों का जत्था

पिरान कलियर। हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक रह. के 758वें सालाना उर्स का आगाज गुरुवार को अकीदत और रूहानी माहौल के बीच रस्म-ए-परचम कुशाई के साथ हुआ। दरगाह साबिर पाक के सज्जादा नशीन शाह अली ऐजाज़ कुद्दुसी साबरी की सरपरस्ती में दरगाह के मुख्य द्वार पर परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे अकीदतमंद मौजूद रहे।

रस्म-ए-परचम कुशाई के दौरान दरगाह परिसर में अकीदतमंदों की भारी भीड़ नजर आई। परचम फहराए जाने के साथ ही जायरीनों ने अकीदत का इजहार किया और दरगाह साबिर पाक में हाजिरी देकर दुआएं मांगीं। पूरे क्षेत्र में दाता करीम साबिर मौला करीम साबिर के नारों से रूहानी और अकीदत भरा माहौल बना रहा।

परचम कुशाई की रस्म के बाद सज्जादा नशीन शाह अली ऐजाज़ कुद्दुसी साबरी ने मुल्क और दुनिया में अमन-चैन, भाईचारे, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ की। उन्होंने तमाम अकीदतमंदों और हर खास-ओ-आम के लिए दुआ की।

बरेली से 38वां परचम लेकर पहुंचा 150 लोगों का जत्था

उर्स की परंपराओं के तहत बरेली से भी 38वें परचम का जत्था पिरान कलियर पहुंचा। करीब 150 अकीदतमंदों का यह जत्था वसीम साबरी की सरपरस्ती में परचम लेकर रवाना हुआ था। जत्थे के पिरान कलियर पहुंचने पर नौगजा पीर से परचम के साथ जुलूस निकाला गया।

जुलूस के पिरान कलियर पहुंचने पर साहिबजादा शाह यावर ऐजाज़ ने अकीदतमंदों के साथ वसीम साबरी और परचम लेकर पहुंचे सभी लोगों का गर्मजोशी से खैरमकदम किया। इसके बाद परचम को पूरे सम्मान और अकीदत के साथ दरगाह साबिर पाक के मुख्य गेट तक लाया गया, जहां सज्जादा नशीन की सरपरस्ती में परचम कुशाई की रस्म अदा की गई।

उर्स को लेकर बढ़ने लगी जायरीनों की आमद

758वें सालाना उर्स के आगाज के साथ ही पिरान कलियर में देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से जायरीनों के पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया है। दरगाह क्षेत्र में अकीदतमंदों की चहल-पहल बढ़ने लगी है। उर्स की प्रमुख रस्मों में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में जायरीन कलियर पहुंच रहे हैं।

परचम कुशाई के साथ ही पिरान कलियर में उर्स की रौनक और बढ़ गई है। दरगाह परिसर के साथ-साथ आसपास के बाजारों में भी अकीदतमंदों की भीड़ दिखाई देने लगी है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों में भी उर्स को लेकर खासा उत्साह है।

अमन और भाईचारे की दुआ के साथ शुरू हुआ उर्स

रस्म-ए-परचम कुशाई के मौके पर मौजूद अकीदतमंदों ने कहा कि साबिर पाक की दरगाह पर देश के कोने-कोने से लोग अकीदत के साथ पहुंचते हैं। यहां आने वाले जायरीन अमन, मोहब्बत, भाईचारे और खुशहाली की दुआ करते हैं।

गुरुवार को परचम कुशाई की रस्म के साथ 758वें उर्स का माहौल पूरी तरह रूहानी हो गया। आने वाले दिनों में उर्स की अन्य प्रमुख रस्मों में भी बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की उम्मीद है। इस मौके पर यासिर ऐजाज़ कुद्दुसी साबरी,शाह सुहैल,शाह ग़ाज़ी,शफ़ीक़ साबरीं,मेराज साबरीं,इमरान साबरीं,कमाल साबरीं,समीर साबरीं,सलीम साबरीं,मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 1
Wow Wow 0