जवान सनी कुमार ने गंगा में लगाई छलांग, 19 वर्षीय श्रद्धालु की बचाई जान,उत्तराखंड पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी दुर्घटना देखें वीडियो|
जवान सनी कुमार ने गंगा में लगाई छलांग, 19 वर्षीय श्रद्धालु की बचाई जान,उत्तराखंड पुलिस की मुस्तैदी से टली बड़ी दुर्घटना |
नई दस्तक
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तराखंड पुलिस की सतर्कता और जल पुलिस के जवानों की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। हर की पैड़ी क्षेत्र में गंगाजल भरते समय डूब रहे एक शिवभक्त को जल पुलिस के जवान ने अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा में छलांग लगाकर सकुशल बाहर निकाल लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजू पुत्र श्री शिशपाल (19 वर्ष), निवासी सेक्टर-4, करनाल (हरियाणा), जोधपुर भवन के सामने गंगाजी से जल भर रहे थे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गंगा की तेज धारा में बहने लगे। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने सहायता के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया।
ड्यूटी पर तैनात जल पुलिस के जवान सनी कुमार ने स्थिति की गंभीरता को तुरंत भांपते हुए बिना किसी देरी के गंगा में छलांग लगा दी। उन्होंने साहस, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद शिवभक्त राजू और उनके परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस एवं जल पुलिस का आभार व्यक्त किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने भी जवान सनी कुमार की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि यदि कुछ क्षण की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तराखंड पुलिस लगातार घाटों, गंगा तटों और संवेदनशील स्थानों पर मुस्तैदी से तैनात है। जल पुलिस की सतर्क निगरानी और तत्परता के चलते अब तक कई श्रद्धालुओं की जान बचाई जा चुकी है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि उत्तराखंड पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की हर घड़ी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
