नमामि गंगे घाट पर गंगा के तेज बहाव में बहे दो कांवड़ यात्री, देर शाम तक नहीं मिला सुराग'
नमामि गंगे घाट पर गंगा के तेज बहाव में बहे दो कांवड़ यात्री, देर शाम तक नहीं मिला सुराग
नई दस्तक:-(मुनव्वर अली साबरीं)
हादसे के बाद करीब 300 कांवड़ियों ने चंडी पुल पर जाम लगाने का किया प्रयास, पुलिस की समझाइश के बाद शांत हुआ मामला
हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान शनिवार को नमामि गंगे घाट पर गंगा स्नान कर रहे दो कांवड़ यात्री अचानक तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ मौजूद कांवड़ियों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा की तेज धारा के आगे उनकी कोशिश सफल नहीं हो सकी। सूचना मिलते ही जल पुलिस, श्यामपुर थाना पुलिस और प्रशिक्षित गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और दोनों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
देर शाम तक काफी प्रयासों के बावजूद दोनों कांवड़ यात्रियों का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस और जल पुलिस की टीमें संभावित स्थानों के साथ-साथ गंगा के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में भी तलाश अभियान चलाती रहीं।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद कांवड़ियों में नाराजगी देखने को मिली। करीब 300 कांवड़ियों ने चंडी वाले पुल पर जाम लगाने का प्रयास किया। आक्रोशित कांवड़ियों का आरोप था कि घटना के बाद उन्हें समय पर सहायता नहीं मिल सकी। इससे कुछ समय के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
मामले की जानकारी मिलते ही श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा और चंडी घाट चौकी प्रभारी देवेंद्र तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें समझाया और स्थिति को शांत कराया। पुलिस की समझाइश के बाद कांवड़ियों ने जाम लगाने का प्रयास छोड़ दिया और अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
बताया गया कि शनिवार को कांवड़ मेले के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे थे। नमामि गंगे घाट पर भी कांवड़ यात्री गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक अचानक गंगा के तेज बहाव में फंस गए और देखते ही देखते नदी की धारा में बह गए।
हादसे में बहने वाले कांवड़ यात्रियों की पहचान पंकज (22) निवासी ग्राम मेथरा, थाना बिसौली, जिला बदायूं और आनंद (19) निवासी भजनपुरा, थाना गोकुलपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार आए थे।
घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस के प्रशिक्षित गोताखोरों ने गंगा में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। घटनास्थल के आसपास तलाश करने के साथ ही संभावित डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन देर शाम तक दोनों युवकों का पता नहीं चल पाया।
श्यामपुर थाना पुलिस के मुताबिक, गंगा के तेज बहाव को देखते हुए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। पुलिस और जल पुलिस की टीमें संभावित स्थानों पर दोनों कांवड़ यात्रियों की तलाश में जुटी हुई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
