खून के सौदागरों के खेल से हरिद्वार पुलिस ने उठाया पर्दा

Aug 17, 2026 - 15:09
 0

खून के सौदागरों के खेल से हरिद्वार पुलिस ने उठाया पर्दा

लक्सर में अवैध ब्लड डोनेशन कैंप का खुलासा, 27 यूनिट रक्त समेत ब्लड कलेक्शन उपकरण बरामद; पांच आरोपी गिरफ्तार

लक्सर/हरिद्वार। रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में कथित रूप से अवैध तरीके से रक्त एकत्र कर उसकी खरीद-फरोख्त किए जाने के मामले का लक्सर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने बिना अनुमति गांव-देहात में ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर रक्त एकत्र करने के आरोप में पांच लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, ब्लड कलेक्शन एवं जांच से संबंधित उपकरण, चार डोनर चेयर, दस्तावेज और दो वाहन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर बिना आवश्यक अनुमति अथवा लाइसेंस के कैंप आयोजित करते थे। पुलिस अब इस बात की भी विस्तृत जांच कर रही है कि एकत्रित रक्त कहां ले जाया जाता था और इसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका तो नहीं थी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 अगस्त 2026 को कोतवाली लक्सर पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग संगठित रूप से गांव-देहात में बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर लोगों से रक्त एकत्र कर रहे हैं।

सूचना में यह भी बताया गया कि एकत्रित रक्त को कथित तौर पर संबंधित ब्लड बैंक तक न ले जाकर अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए चौकी सुल्तानपुर प्रभारी उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी ने तत्काल क्षेत्र में तलाश शुरू की और चौकी भिक्कमपुर प्रभारी उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी को भी मामले से अवगत कराया।

अलावलपुर तिराहे पर दो वाहनों की तलाशी

पुलिस टीम ने अलावलपुर तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान दो संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को ऐसी सामग्री मिली, जिसने पूरे मामले को गंभीर बना दिया।

स्विफ्ट कार संख्या UK-08-BL-3257 की डिग्गी में रखे आइस बॉक्स से 27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग बरामद हुए। इसके साथ ही रक्त संग्रह, ब्लड यूनिट की जांच एवं माप से संबंधित उपकरण भी पुलिस के हाथ लगे।

वहीं स्कॉर्पियो एन कार संख्या UP-20-CD-8085 से 04 डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड का डिब्बा तथा हाथ बांधने वाली 04 बेल्ट बरामद की गईं।

गांवों में कैंप लगाकर रक्त एकत्र करने का आरोप

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक आरोपी ग्रामीण इलाकों में कैंप लगाकर आम लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करते थे। आरोप है कि इन कैंपों के लिए आवश्यक अनुमति और लाइसेंस नहीं लिए गए थे।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद 27 यूनिट रक्त किस उद्देश्य से एकत्र किया गया था, इसे कहां पहुंचाया जाना था तथा कथित तौर पर अन्य राज्यों में रक्त की बिक्री के दावे की वास्तविकता क्या है।

मामले में पुलिस द्वारा दस्तावेजों, बरामद उपकरणों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट और BNS के तहत मुकदमा

मामले में कोतवाली लक्सर में मु0अ0सं0 829/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध धारा 18(सी), 27 ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट एवं धारा 316(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ये पांच आरोपी पुलिस की हिरासत में

  1. अनित सैनी, पुत्र राजेश कुमार, निवासी फतवा, थाना लक्सर, हरिद्वार।
  2. शुभम कुमार, पुत्र जीतराम, निवासी ग्राम माड़ा बेला, पोस्ट चन्दपुरी कला, थाना खानपुर, हरिद्वार।
  3. दुष्यन्त कुमार, पुत्र मदनलाल सैनी, निवासी सुरेन्द्र नगर कॉलोनी, आवास विकास, थाना कोतवाली सदर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश।
  4. कावेन्द्र कुमार, पुत्र विजयपाल सिंह, निवासी निकट सद्भावना अस्पताल, हरतला, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश।
  5. दया सिंह, पुत्र ओमकार सिंह, निवासी ग्राम ईसमपुर ढाणा, थाना गीनौर, जनपद सम्भल, उत्तर प्रदेश।

पुलिस ने यह सामान किया बरामद

  • 27 यूनिट रक्त
  • 27 खाली ब्लड बैग
  • 01 बीपी मशीन
  • 01 एचबी मशीन
  • ब्लड ग्रुप जांच संबंधी सामग्री
  • 01 डोनर फॉर्म बुक
  • अमृत चैरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र
  • 01 स्लाइड का डिब्बा
  • 04 हाथ बांधने वाली बेल्ट
  • 01 वेट मशीन
  • 04 ब्लड डोनर चेयर
  • 01 ब्लड यूनिट मापने वाली वेट मशीन
  • स्विफ्ट कार संख्या UK-08-BL-3257
  • स्कॉर्पियो एन कार संख्या UP-20-CD-8085

इन पुलिसकर्मियों की टीम ने किया खुलासा

पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, व0उ0नि0 नितिन चौहान, उपनिरीक्षक बीरेन्द्र सिंह नेगी, उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी, कांस्टेबल किशोर नेगी, जगत सिंह, राजेन्द्र बिष्ट, अरविन्द चौहान, ध्वजवीर सिंह और दिगम्बर सिंह शामिल रहे।

SSP ने कहा—रक्तदान की आड़ में अवैध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने स्पष्ट किया कि रक्तदान मानव सेवा का अत्यंत पवित्र कार्य है। इसकी आड़ में यदि कोई व्यक्ति अवैध गतिविधियों को अंजाम देता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

नई दस्तक की पड़ताल में इस मामले का सबसे अहम पहलू यह है कि पुलिस को सिर्फ रक्त की यूनिट ही नहीं, बल्कि रक्त संग्रह और डोनर कैंप से जुड़ा पूरा सामान भी मिला है। ऐसे में जांच का दायरा केवल पांच आरोपियों तक सीमित न रहकर कथित नेटवर्क, रक्त के स्रोत, संभावित खरीदारों और रक्त की अंतिम मंजिल तक पहुंच सकता है। हालांकि इन पहलुओं पर पुलिस की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0