पिरान कलियर पुलिस ने इमाम साहब इंटर कॉलेज में चलाया साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान
पिरान कलियर पुलिस ने इमाम साहब इंटर कॉलेज में चलाया साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान
छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर बुलिंग से बचने के बताए तरीके
पिरान कलियर, 14 अक्टूबर। साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों को इंटरनेट के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी देने के उद्देश्य से कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने बुधवार को इमाम साहब इंटर कॉलेज में विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। यह कार्यक्रम प्रदेशभर में संचालित ‘साइबर सुरक्षा अभियान 2.0’ के तहत आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित इस्तेमाल करने, व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। विद्यार्थियों को बताया गया कि इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। अनजान व्यक्तियों के साथ निजी जानकारी साझा करने से बचें और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि को नजरअंदाज न करें।
कार्यक्रम में साइबर बुलिंग, ऑनलाइन फ्रॉड और डिजिटल माध्यमों से होने वाले विभिन्न प्रकार के अपराधों के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन खतरों की पहचान करने और उनसे बचाव के व्यावहारिक तरीके समझाए।
गौरतलब है कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर प्रदेश में 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक ‘साइबर सुरक्षा अभियान 2.0’ चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, पीड़ितों को त्वरित राहत, लंबित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के प्रयास और स्कूल-कॉलेजों में जनजागरूकता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान उपनिरीक्षक योगेश कुमार, पुलिसकर्मी, कॉलेज के प्रधानाचार्य और शिक्षकगण मौजूद रहे।
नई दस्तक की अपील: डिजिटल दुनिया में सतर्कता ही सुरक्षा है। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध कॉल पर भरोसा करने या अपनी ओटीपी, बैंकिंग जानकारी और पासवर्ड साझा करने से बचें। साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
