कलियर के गेस्ट हाउस में यूट्यूबर आतिफ का शव मिलने से सनसनी, वीडियो कॉल ने उलझाया मौत का मामला
कलियर के गेस्ट हाउस में यूट्यूबर आतिफ का शव मिलने से सनसनी, वीडियो कॉल ने उलझाया मौत का मामला
मुजफ्फरनगर निवासी 32 वर्षीय आतिफ का शव कमरे में पंखे से लटका मिला, वीडियो कॉल के कथित घटनाक्रम की पुलिस कर रही जांच
नई दस्तक | पिरान कलियर
रुड़की। पिरान कलियर में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक गेस्ट हाउस के कमरे में मुजफ्फरनगर निवासी 32 वर्षीय यूट्यूबर आतिफ का शव पंखे से लटका मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मौत से पहले हुई कथित वीडियो कॉल और परिजनों तक पहुंचे स्क्रीनशॉट ने मामले को रहस्यमय बना दिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वीडियो कॉल में जान देने की बात कहने का दावा
जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरनगर जिले के गांव निराना निवासी आतिफ मुजफ्फरनगर में किराये के कमरे में रहता था और इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाता था। बताया जा रहा है कि वह एक युवती और उसके भाई के साथ रहता था। युवती से किसी बात को लेकर नाराजगी के बाद आतिफ बुधवार रात करीब 11 बजे पिरान कलियर पहुंचा और यहां एक गेस्ट हाउस में कमरा ले लिया।
बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे युवती ने आतिफ को वीडियो कॉल की। बातचीत के दौरान आतिफ ने कथित तौर पर जान देने की बात कही। इसके बाद युवती ने दूसरे मोबाइल से वीडियो कॉल के माध्यम से आतिफ के भाई को घटनाक्रम दिखाया। भाई ने वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर परिजनों को भेज दिया, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही गेस्ट हाउस पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन तत्काल पिरान कलियर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस लोकेशन के आधार पर संबंधित गेस्ट हाउस पहुंची। कमरे का दरवाजा खोलने पर आतिफ का शव पंखे से लटका मिला।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद से ही मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, जिनके जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।
पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। वीडियो कॉल से जुड़े दावों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों की जांच के बाद ही आतिफ की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
नोट: मामले में किसी भी तरह के निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी। मौत की असल वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
2
Wow
0
