सोशल मीडिया पर कथित धमकी का वीडियो वायरल, दरगाह साबिर पाक की सुरक्षा बढ़ाने की मांग।
सोशल मीडिया पर कथित धमकी का वीडियो वायरल, दरगाह साबिर पाक की सुरक्षा बढ़ाने की मांग
नई दस्तक
पिरान कलियर/हरिद्वार। पिरान कलियर स्थित विश्व प्रसिद्ध दरगाह हज़रत अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक की सुरक्षा बढ़ाने की मांग को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार को एक प्रार्थना-पत्र सौंपा गया है। आवेदन में सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित वीडियो का हवाला देते हुए दरगाह शरीफ़ और सज्जादा नशीन की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है।
प्रार्थना-पत्र के अनुसार, दरगाह साबिर पाक देश-विदेश के लाखों मुस्लिम एवं हिन्दू श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। हर वर्ष यहां प्रशासन की देखरेख में भव्य उर्स का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीन शिरकत करते हैं। पिरान कलियर हज़रत साबिर पाक की दरगाह लंबे समय से सांप्रदायिक सौहार्द और साझा आस्था का प्रतीक मानी जाती है।
आवेदन में दावा किया गया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा दरगाह को नुकसान पहुंचाने जैसी बातें कही गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। इसी आधार पर दरगाह परिसर तथा सज्जादा नशीन हज़रत अली एजाज़ कुद्दूसी साबरी की सुरक्षा तत्काल बढ़ाने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता नदीम कुरैशी, ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि आगामी उर्स को मद्देनज़र रखते हुए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फिलहाल इस कथित वीडियो और उसमें किए गए दावों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस या प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि शिकायत प्राप्त होती है, तो मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
2
Sad
0
Wow
1
