हरिद्वार: जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल व पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज
कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी व अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्यक्रम के विभिन्न चरणों की जानकारी साझा करते हुए राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की घोषणा 14 मई 2026 को की जा चुकी है। इसके तहत गणना प्रपत्रों की छपाई और कर्मचारियों के प्रशिक्षण का कार्य 29 मई से 07 जून तक पूरा कर लिया गया है, जबकि 08 जून से बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण शुरू कर दिया गया है। यह अभियान 07 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि 15 सितम्बर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद की 11 विधानसभा क्षेत्रों में पुनरीक्षण कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 11 ईआरओ, 64 एईआरओ और 1715 बीएलओ तैनात किए गए हैं। बीएलओ प्रत्येक मतदाता के घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और पात्र नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवश्यक प्रपत्र भी उपलब्ध कराएंगे।
उन्होंने कहा कि 01 जुलाई 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम संशोधन, विलोपन व अन्य आवश्यक परिवर्तनों के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा।
अपर जिलाधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से बीएलए-2 के माध्यम से पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए कहा कि शत-प्रतिशत शुद्ध व त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के प्रत्येक चरण को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने और व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि जिन विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों पर अभी तक बीएलए-2 नियुक्त नहीं किए गए हैं, वहां शीघ्र नियुक्तियां कर उनकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि निर्वाचन संबंधी समस्त कार्य निर्धारित समयावधि में सुचारु रूप से संपन्न हो सकें।
बैठक में कलियर विधायक फुरकान अहमद, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, जिला महामंत्री हीरा बिष्ट, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र पाल, जिला कार्यालय प्रभारी नकली सिंह सैन, कांग्रेस के रुड़की जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, फारुख प्रधान, हरिद्वार कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, चंद्रपाल सिंह, सीपीएम के राजीव गर्ग, बहुजन समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष मदनपाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी धनपाल सिंह रावत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
