परशुराम भवन विवाद में बीएसएम शिक्षण संस्थान के पदाधिकारियों का पलटवार, धरनारत लोगों पर लगाए ब्लैकमेलिंग के आरोप

Nov 2, 2026 - 18:18
Nov 2, 2026 - 18:22
 0
परशुराम भवन विवाद में बीएसएम शिक्षण संस्थान के पदाधिकारियों का पलटवार, धरनारत लोगों पर लगाए ब्लैकमेलिंग के आरोप

परशुराम भवन विवाद में बीएसएम शिक्षण संस्थान के पदाधिकारियों का पलटवार, धरनारत लोगों पर लगाए ब्लैकमेलिंग के आरोप

रुड़की। परशुराम भवन को लेकर ब्राह्मण समाज के लोगों का धरना लगातार जारी है। इस विवाद में अब बीएसएम शिक्षण संस्थान के पदाधिकारियों ने सामने आकर धरनारत लोगों के आरोपों पर पलटवार किया है। बीएसएम लॉ कॉलेज में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान संस्था के सचिव रजनीश कुमार शर्मा और अध्यक्ष ममतेश शर्मा ने धरने पर बैठे कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें ब्लैकमेलर करार दिया। उन्होंने दावा किया कि संबंधित लोगों द्वारा संस्थान से पैसों की मांग की जा रही है।

पत्रकार वार्ता में संस्था के सचिव रजनीश कुमार शर्मा ने कहा कि बीएसएम शिक्षण संस्थान पर पहले भी कई बार तरह-तरह के आरोप लगाए जा चुके हैं। इन आरोपों को लेकर अब तक करीब 25 बार उच्चस्तरीय जांच हो चुकी है, लेकिन किसी भी जांच में संस्थान के खिलाफ कोई खामी सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कुछ लोग बार-बार इस मामले को उठाकर संस्थान की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस पूरे विवाद को राजनीतिक रंग देने और राजनीतिक रोटियां सेंकने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि शहर की जनता पूरे मामले से भली-भांति परिचित है। उन्होंने यह भी कहा कि धरने पर बैठे कुछ लोग खुद को भारतीय ब्राह्मण समाज का पदाधिकारी बता रहे हैं, जबकि भारतीय ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष अजय कौशिक हैं, जो स्वयं पत्रकार वार्ता में मौजूद रहे।

29 अक्टूबर से जारी है धरना

गौरतलब है कि परशुराम भवन को लेकर ब्राह्मण समाज के कुछ लोगों द्वारा 29 अक्टूबर से लगातार धरना दिया जा रहा है। धरनारत लोगों का आरोप है कि बीएसएम शिक्षण संस्थान ब्राह्मण समाज की संपत्ति है, जिस पर कुछ लोगों ने कब्जा कर उसे निजी संपत्ति के रूप में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। इसी कथित कब्जे और संपत्ति के अधिकार को लेकर समाज के लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं।

वहीं, अब बीएसएम शिक्षण संस्थान के पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता कर धरनारत लोगों के आरोपों को खारिज करते हुए उन पर ही गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों पक्षों की ओर से सामने आ रहे अलग-अलग दावों के बाद परशुराम भवन का विवाद रुड़की में चर्चा का विषय बना हुआ है।

पत्रकार वार्ता में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर जेपी शर्मा, वासुदेव पंत, अजय कौशिक, संजीव शर्मा, राजीव भारद्वाज, विनय शर्मा, ममता, विकास धीमान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

नई दस्तक की नजर: परशुराम भवन से जुड़ा यह विवाद अब दो पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच पहुंच गया है। मामले में संपत्ति के स्वामित्व, प्रबंधन और दोनों पक्षों के दावों की निष्पक्ष जांच से ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0