देहरादून में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से दो बदमाश घायल

Nov 1, 2026 - 12:05
Nov 1, 2026 - 13:25
 0
देहरादून में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से दो बदमाश घायल

देहरादून में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, हरिद्वार के दो शातिर अपराधी घायल; तमंचे और फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक बरामद

पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस पर की गई फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में लगी गोली

नई दस्तक | देहरादून। अमित नौटियाल 

देहरादून में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे पुलिस के सघन चेकिंग अभियान के दौरान पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में हरिद्वार निवासी दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से पुलिस ने दो देसी तमंचे, चार जिंदा कारतूस, छह खोखा कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में संदिग्ध व्यक्तियों और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों के विरुद्ध लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 31 अक्टूबर 2026 की रात पटेलनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि पटेलनगर और विकासनगर क्षेत्र में हाल ही में हुई चोरी तथा नकबजनी की घटनाओं में शामिल कुछ अभियुक्त दोबारा देहरादून पहुंचे हैं। ये लोग अलग-अलग इलाकों में घूमकर बंद मकानों की रेकी कर रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद पटेलनगर पुलिस ने नया गांव क्षेत्र में रामगढ़ पेट्रोल पंप के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान सिंहनीवाला की ओर से आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को चेकिंग करता देख दोनों बाइक सवार मौके से फरार हो गए।

पुलिस टीम ने कंट्रोल रूम के माध्यम से अन्य थानों को सूचना देते हुए संदिग्धों का पीछा किया। इस दौरान भुड़पुर की ओर भागते हुए बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे पुलिस के सरकारी वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। आगे कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद दोनों आरोपी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे।

पुलिस के अनुसार, पीछा करने पर बदमाशों ने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया और तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

हरिद्वार के रहने वाले हैं दोनों घायल आरोपी

पुलिस ने घायल आरोपियों की पहचान समीम पुत्र इलियास (35 वर्ष), निवासी बड़ी मस्जिद के पास, रामपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार तथा शहजाद पुत्र इकलाख (40 वर्ष), निवासी कब्रिस्तान के पास, रामपुर, रुड़की, हरिद्वार के रूप में की है।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर पटेलनगर और विकासनगर क्षेत्र में बंद मकानों की रेकी कर चोरी तथा नकबजनी की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के मुताबिक, चोरी किए गए सामान को उन्होंने हरिद्वार में एक स्थानीय व्यक्ति को बेच दिया था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी उस दिन भी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हरिद्वार से देहरादून आए थे।

पुलिस से बचने के लिए लगाई थी फर्जी नंबर प्लेट

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी अपनी पहचान छिपाने और पुलिस से बचने के लिए मोटरसाइकिल पर टैक्सी की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे थे। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो देसी तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, छह खोखा कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई।

दोनों के खिलाफ दर्ज हैं कई आपराधिक मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके विरुद्ध हरिद्वार और देहरादून के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

समीम के विरुद्ध पटेलनगर, ऋषिकेश, वसंत विहार, कोतवाली नगर देहरादून और गंगनहर रुड़की सहित विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शहजाद के विरुद्ध भी वसंत विहार, पटेलनगर, मंगलौर और गंगनहर थानों में आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। दोनों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।

पुलिस टीम पर हमले के संबंध में मुकदमा दर्ज

पुलिस टीम पर फायरिंग और जानलेवा हमले के संबंध में दोनों आरोपियों के विरुद्ध कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा अपराध संख्या 827/26, धारा 109(1) बीएनएस एवं 25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

देहरादून पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों पर निगरानी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

संपादकीय टिप्पणी: पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के आधार पर तैयार समाचार। आरोपियों से संबंधित आरोप और बरामदगी पुलिस के आधिकारिक दावों पर आधारित हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0