रुड़की में गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल, मुस्लिम समाज ने कांवड़ यात्रियों पर की पुष्प वर्षा।
रुड़की में गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल, मुस्लिम समाज ने कांवड़ यात्रियों पर की पुष्प वर्षा।
नई दस्तक
रुड़की/हरिद्वार: उत्तराखंड नागरिक सम्मान समिति, रुड़की के तत्वावधान में नगर निगम परिसर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की। इस दौरान कांवड़ यात्रियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा उन्हें फल वितरित किए गए।
समिति के अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलौरी ने बताया कि पिछले पंद्रह वर्षों से समिति की ओर से हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ यात्रियों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस परंपरा का उद्देश्य समाज में प्रेम, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना है।
सलमान फरीदी के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी ईश्वर लाल शास्त्री और अफजल मंगलौरी ने शिवभक्त कांवड़ियों एवं अतिथियों का पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ (आईएएस) ने कहा कि भारत की संस्कृति सदियों से "वसुधैव कुटुम्बकम" और "सर्वधर्म समभाव" के सिद्धांतों पर आधारित रही है। उन्होंने कहा कि रुड़की के नागरिकों ने इस आयोजन के माध्यम से पूरे समाज को सौहार्द और भाईचारे का प्रेरणादायक संदेश दिया है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने रुड़की के नागरिकों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा नगरी के लोग पूरे प्रदेश में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दे रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ईश्वर लाल शास्त्री ने तथा संचालन अफजल मंगलौरी ने किया।
इस अवसर पर पार्षद मनोज कुमार, ताहिर अली, काजी शकील अल्वी, हाजी सलामत फरीदी, राजू शास्त्री, इमरान देशभक्त, शिवम शास्त्री, हाजी शहजाद, शेख अहमद, मोनू जलवीर, पूर्व सभासद पंडित राजकुमार दुखी, हेमंत जुल्का, अमित वर्मा, शशि कुमार सैनी, विकास वशिष्ठ, ओम प्रकाश नूर, सैयद नफीसुल हसन सहित अनेक गणमान्य लोगों ने स्वागत समिति की ओर से कांवड़ यात्रियों का फूल-मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
