रुड़की में श्रीराम फाइनेंस कार्यालय में भीषण आग, देर रात मची अफरा-तफरी; दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
रुड़की में श्रीराम फाइनेंस कार्यालय में भीषण आग, देर रात मची अफरा-तफरी; दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
रुड़की। शहर के मालवीय चौक के पास सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित श्रीराम फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में अचानक भीषण आग लग गई। कार्यालय से उठते घने धुएं और आग की लपटों को देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
रात 10:42 बजे मिली सूचना, प्रथम तल पर धधक रही थी आग
फायर स्टेशन रुड़की को सोमवार रात करीब 10:42 बजे श्रीराम फाइनेंस कार्यालय में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की मिनी प्रेशर वैन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि कार्यालय के प्रथम तल पर आग तेजी से फैल रही थी और पूरे परिसर में घना धुआं भरा हुआ था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन कर्मियों ने बिना समय गंवाए होज पाइप के माध्यम से आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण अतिरिक्त फायर टेंडर भी मौके पर बुलाया गया।
अतिरिक्त फायर टेंडर ने संभाला मोर्चा, दूसरे तल तक नहीं पहुंची आग
आग पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए दमकल कर्मियों ने अतिरिक्त होज लाइन बिछाकर लगातार पानी की बौछार की। काफी प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया। इसके बाद कार्यालय के अंदर पहुंचकर जले हुए सामान की जांच की गई और सुलग रहे पदार्थों तथा चिंगारियों को पूरी तरह बुझाया गया, ताकि दोबारा आग भड़कने की आशंका न रहे।
कार्यालय के दूसरे तल पर भी धुएं का काफी असर देखने को मिला, हालांकि आग वहां तक नहीं पहुंची। दमकल विभाग की समय रहते की गई कार्रवाई के चलते आग को भवन के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, नुकसान का आकलन जारी
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना में कार्यालय के अंदर रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हुआ है, जबकि किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
देर रात दमकल विभाग की मुस्तैदी ने एक बड़े हादसे की आशंका को टाल दिया। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक आग लगने को लेकर चर्चाएं होती रहीं।
नई दस्तक | रुड़की
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
