गुरुकुल की छात्राओं के लिए ‘शिक्षित बेटी सशक्त राष्ट्र’ विषय पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए उनके सवालों के जवाब दिया

Apr 10, 2026 - 04:09
Apr 10, 2026 - 04:10
 0
गुरुकुल की छात्राओं के लिए ‘शिक्षित बेटी सशक्त राष्ट्र’ विषय पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए उनके सवालों के जवाब दिया

हरिद्वार। एक ज़रा सी कोशिश संस्था की ओर से गुरुकुल विश्वविद्यालय के संस्कृति एवं पुरातत्व सभागार में कन्या गुरुकुल की छात्राओं के लिए ‘शिक्षित बेटी सशक्त राष्ट्र’ विषय पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए उनके सवालों के जवाब दिए और युवा नेतृत्व तथा राष्ट्र निर्माण में छात्राओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि आने वाले समय में महिलाओं को राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में अधिक अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण व्यवस्था से महिलाओं की भागीदारी मजबूत होगी और युवतियां देश के नेतृत्व में अहम भूमिका निभा सकेंगी। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे राजनीति, प्रशासन, शिक्षा, चिकित्सा, उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में आगे आएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के लिए स्वरोजगार, स्टार्टअप, आत्मनिर्भर योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से लोन व रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। युवाओं को केवल पहला कदम उठाने की आवश्यकता है, सरकार हर स्तर पर सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वह हर बेटी को प्रथम श्रेणी में आगे बढ़ते हुए देखना चाहते हैं और इसके लिए आत्मविश्वास, परिश्रम और दृढ़ संकल्प जरूरी है।

संस्था की अध्यक्ष राखी सजवान ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए और उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास, अनुशासन और आत्मविश्वास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से अपने सपनों को पहचानने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य विभाग बहादराबाद ब्लॉक से पहुंची डॉ. आरती बहल ने महिला स्वास्थ्य, पोषण और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के बारे में जानकारी दी और छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। महिला हेल्पलाइन इंचार्ज अंजना चौहान ने डिजिटल युग में बेटियों की सुरक्षा, पुलिस द्वारा संचालित सुरक्षा कार्यक्रमों, गौरा शक्ति एप और हेल्पलाइन नंबर 1090 व 1930 की जानकारी देते हुए जागरूक किया।

जिला प्रोजेक्ट मैनेजर ग्रामोत्थान संजय सक्सेना ने स्टार्टअप योजना, लोन व्यवस्था और विशेषज्ञ सलाह के माध्यम से स्वरोजगार शुरू करने की प्रक्रिया समझाई। कन्या गुरुकुल की प्रभारी सुरेखा राणा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।

कार्यक्रम में अभिषेक गौतम, सरिता नौटियाल, दीपा शर्मा, शहजान, शगुन, अशोक कुमार कश्यप, मिथुन कुमार, अनुराग, दीपक, निखिल बिश्नोई, डॉ. पूनम पेनोली, इंदु गौतम, डॉ. सुनीता, डॉ. सुनीता रानी, डॉ. नेहा कौशिक, कांता जी, शांता जी सहित कन्या गुरुकुल के शिक्षक व बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0