कांवड़ खंडित होने पर मचा हंगामा, पुलिस की तत्परता से टला बड़ा विवाद

Aug 7, 2026 - 21:26
Aug 7, 2026 - 21:28
 0
कांवड़ खंडित होने पर मचा हंगामा, पुलिस की तत्परता से टला बड़ा विवाद

कांवड़ खंडित होने पर मचा हंगामा, पुलिस की तत्परता से टला बड़ा विवाद

नई दस्तक:(मुनव्वर अली साबरी)

राहगीर से मारपीट के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, कांवड़ियों को समझाकर शांत कराया; घायल को उपचार के लिए भेजा

पिरान कलियर। भगवानपुर बाईपास मार्ग पर दरियापुर के समीप शुक्रवार को कांवड़ खंडित होने को लेकर अचानक विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। कांवड़ खंडित होने से नाराज कुछ कांवड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान एक राहगीर के साथ मारपीट किए जाने की सूचना से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले को शांत कराया।

जानकारी के अनुसार, इमलीखेड़ा चौकी क्षेत्र के भगवानपुर बाईपास मार्ग पर दरियापुर के समीप एक राहगीर पैदल जा रहा था। इसी दौरान उसका पैर गलती से एक कांवड़िये की कांवड़ से लग गया, जिससे कांवड़ खंडित हो गई। घटना के बाद कांवड़ियों में नाराजगी फैल गई और कुछ कांवड़ियों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर राहगीर अपनी जान बचाने के लिए पास स्थित गन्ने के खेत की ओर भागा। आरोप है कि कुछ कांवड़ियों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़कर उसके साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।

पुलिस टीम ने भीड़ के बीच से राहगीर को सुरक्षित बाहर निकाला और उसे उपचार के लिए भेजा। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें समझाया और शांत कराया। पुलिस की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई और कांवड़ियों को शांतिपूर्वक उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ भगवानपुर सुमित पांडेय तथा कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए पुलिस टीम से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि राहगीर का पैर लगने से कांवड़ खंडित होने के कारण विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। कांवड़ियों को समझाकर शांत कराया गया और उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं घायल राहगीर को उपचार के लिए भेजा गया है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते मौके पर बढ़ रही स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया और किसी बड़े विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी गई। पुलिस द्वारा क्षेत्र में निगरानी बनाए रखी जा रही है, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0