उर्स मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, पिरान कलियर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक सेठ की अध्यक्षता में बनी सुरक्षा और व्यवस्थाओं की रणनीति।

Aug 5, 2026 - 18:36
 0
उर्स मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, पिरान कलियर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक सेठ की अध्यक्षता में बनी सुरक्षा और व्यवस्थाओं की रणनीति।

उर्स मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, पिरान कलियर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक सेठ की अध्यक्षता में बनी सुरक्षा और व्यवस्थाओं की रणनीति।

नई दस्तक: (मुनव्वर अली साबरीं)

रुड़की/पिरान कलियर। विश्वप्रसिद्ध दरगाह हज़रत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक के आगामी वार्षिक उर्स मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कोतवाली पिरान कलियर परिसर में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रुड़की के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक सेठ ने की, जबकि इसमें एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, उर्स मेला कमेटी के पदाधिकारियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।


बैठक में आगामी उर्स मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक संचालन, पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि उर्स के दौरान देश-विदेश से लाखों जायरीन दरगाह में हाजिरी देने पहुंचते हैं, इसलिए प्रत्येक विभाग को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का समय रहते निर्वहन करना होगा।


ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक सेठ ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मेले से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करना होगा।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा कि उर्स मेले में आने वाले जायरीनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक पुलिस व्यवस्था लागू की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों और उर्स मेला कमेटी से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि जनसहयोग से ही मेले का सफल और शांतिपूर्ण संचालन संभव है।
बैठक में पार्किंग स्थलों के निर्धारण, वाहनों के डायवर्जन, पैदल मार्गों की व्यवस्था, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, अग्निशमन व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा मेले के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि जायरीनों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
उर्स मेला कमेटी के पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि विश्वप्रसिद्ध उर्स मेले की गरिमा बनाए रखने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करेंगे।
बैठक के अंत में प्रशासन की ओर से सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उर्स मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि उर्स मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।इस अवसर पर सज्जादा परिवार की और से असद साबरीं,के अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष पति मुहम्मद सलीम,हाजी लाल सईद कुरैशी,वसीम ठेकेदार,दरगाह कार्यालय से सय्यद इनतखाब आलम,राव सिकंदर सहित आदि लोग उपस्तिथ रहे 

रिपोर्ट नई दस्तक:

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0