साबिर पाक के 758वें उर्स की सुरक्षा का खाका तैयार, 4 जोन और 13 सेक्टरों में बांटा मेला

Aug 12, 2026 - 22:22
 0
साबिर पाक के 758वें उर्स की सुरक्षा का खाका तैयार, 4 जोन और 13 सेक्टरों में बांटा मेला

साबिर पाक के 758वें उर्स की सुरक्षा का खाका तैयार, 4 जोन और 13 सेक्टरों में बांटा मेला

नई दस्तक:-(मुनव्वर अली साबरीं)

 26 अस्थाई पुलिस चौकियों से होगी निगरानी, जायरीनों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर रहेगा विशेष फोकस

पिरान कलियर। दरगाह हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स/मेले को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बुधवार को हज हाउस में आयोजित पुलिस ब्रीफिंग में अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात और जायरीनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उर्स मेले को 4 जोन और 13 सेक्टरों में विभाजित कर पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 26 अस्थाई पुलिस चौकियां भी स्थापित की जाएंगी।

ब्रीफिंग में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्स में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं, इसलिए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। पुलिसकर्मियों को उठाईगीरों, जेबकतरों, झपटमारों, चोरों और संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए।

एसपी देहात ने अराजकतत्वों और महिला जायरीनों से छेड़खानी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी जायरीनों के साथ शालीन और सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें तथा जरूरत पड़ने पर उनकी हरसंभव मदद करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए और संदिग्ध गतिविधियों को नजरअंदाज न किया जाए। उर्स मेले की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेठ ने कहा कि उर्स मेले को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न कांवड़ मेले के सफल आयोजन से मिले अनुभव का लाभ साबिर पाक के उर्स की व्यवस्थाओं में भी मिलेगा।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने और जायरीनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। यातायात, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के साथ ही किसी भी अफवाह या अव्यवस्था को बढ़ने से रोकने के निर्देश दिए गए।

ब्रीफिंग में भगवानपुर सीओ सुमित पांडेय, रुड़की सीओ ओशिन जोशी, मंगलौर सीओ अभिनय चौधरी, दरगाह प्रबंधक/तहसीलदार विकास अवस्थी, रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट, इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर रविंद्र नाथ, एसआईयू प्रभारी सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

पुलिस अधिकारियों ने जवानों को निर्देश दिए कि उर्स के दौरान हर स्तर पर सतर्कता बनाए रखें, ताकि देश-विदेश से आने वाले जायरीन शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में साबिर पाक की जियारत कर सकें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0