लापता अंकित चौहान हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

Aug 12, 2026 - 06:30
 0

लापता अंकित चौहान हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

खनन की मुखबिरी को लेकर रंजिश में हत्या का आरोप, गंगा में मोटरसाइकिल से बांधकर फेंका था शव

नई दस्तक:-(मुनव्वर अली साबरीं)

हरिद्वार/लक्सर। दो अगस्त की रात संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान की गुमशुदगी का मामला आखिरकार ब्लाइंड मर्डर में तब्दील हो गया। लक्सर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए गांव के ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने रंजिश के चलते अंकित की हत्या कर उसके शव को मोटरसाइकिल से बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया था।

आरोपियों की निशानदेही पर एसडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से पुलिस ने गंगा नदी से मृतक का शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

गुमशुदगी के बाद पुलिस ने शुरू की गहन जांच

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी लक्सर के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने अंकित की गुमशुदगी से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संदिग्ध मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, टावर लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। मैनुअल पुलिसिंग के जरिए भी महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए।

जांच के दौरान पुलिस का शक गांव के ही सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित चौहान उर्फ फौजी पर गहराया। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो कथित तौर पर हत्या की पूरी कहानी सामने आ गई।

खनन की मुखबिरी को लेकर थी रंजिश

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अंकित चौहान कथित तौर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से होने वाले खनन की पुलिस को सूचना देता था। इसके चलते आरोपियों को आर्थिक नुकसान होने की बात सामने आई। इसी को लेकर उनके और अंकित के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी।

आरोप है कि इसी रंजिश के चलते चारों ने अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

रास्ते में घेरकर हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार 2 अगस्त की रात अंकित चौहान मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने रास्ते में उसकी मोटरसाइकिल रोककर कथित रूप से उस पर हमला किया और उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को मोटरसाइकिल से बांध दिया गया और शिवपुरी गांव के पास खुसरो की ठोकर के नजदीक गंगा नदी में फेंक दिया गया।

गंगा से बरामद हुआ शव और बाइक

आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस उन्हें बताए गए स्थान पर लेकर पहुंची। गंगा नदी में शव और मोटरसाइकिल होने की जानकारी मिलने पर एसडीआरएफ की टीम को गोताखोरों के साथ मौके पर बुलाया गया।

काफी प्रयास के बाद गोताखोरों ने गंगा में डूबी मोटरसाइकिल और उसके साथ बंधे अंकित के शव को बरामद कर लिया। पुलिस ने बरामदगी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शामिल अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में खानपुर थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है।

दो अगस्त की रात से था लापता

शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान 2-3 अगस्त की रात मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला। परिजनों की सूचना पर कोतवाली लक्सर में गुमशुदगी दर्ज की गई थी।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई और आखिरकार गुमशुदगी के पीछे छिपे हत्या के मामले का खुलासा कर दिया।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पुलिस मामले में अधिक से अधिक साक्ष्य जुटाएगी और आरोपियों को न्यायालय से कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी

  1. सचिन पुत्र पवन, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
  2. मेहकार पुत्र पवन, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
  3. कुलवंत पुत्र कल्लू, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
  4. अंकित चौहान उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार

खुलासे में शामिल पुलिस टीम

प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी, SSI नितिन चौहान, चौकी प्रभारी रायसी राजीव उनियाल, चौकी प्रभारी भीकमपुर यशवीर नेगी, हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल रविंद्र नगर तथा कांस्टेबल अरविंद, ध्वजवीर, हिमांशु चौधरी, मुकेश, अनूप पोखरियाल और सुरेश ने मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0