हरिद्वार पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल, 4 दिन बाद मूक-बधिर महिला को 2 वर्षीय बच्ची सहित परिजनों से मिलाया
हरिद्वार पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल, 4 दिन बाद मूक-बधिर महिला को 2 वर्षीय बच्ची सहित परिजनों से मिलाया।
नई दस्तक
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान अपने पति के साथ हरिद्वार आई एक मूक-बधिर महिला अपनी दो वर्षीय बच्ची सहित परिवार से बिछड़ गई। महिला न सुन सकती थी, न बोल सकती थी और न ही पढ़ना-लिखना जानती थी। ऐसे में उसके परिजनों तक पहुंचना हरिद्वार पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया। लेकिन कनखल पुलिस की संवेदनशीलता, लगातार प्रयास और सोशल मीडिया की मदद से चार दिन बाद महिला को उसके परिजनों से सकुशल मिलवा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को थाना कनखल को सूचना मिली कि शंकराचार्य चौक पर एक महिला अपनी दो वर्षीय बच्ची के साथ रोती हुई मिली है। महिला कांवड़ लेने हरिद्वार आई थी और अपने पति से बिछड़ गई थी। पुलिस महिला और बच्ची को थाना कनखल लेकर आई, जहां पूछताछ के दौरान पता चला कि महिला न तो सुन सकती है, न बोल सकती है और न ही पढ़ना-लिखना जानती है। वह केवल इशारों में इतना बता सकी कि वह अपने पति के साथ आई थी और उनसे बिछड़ गई है।
महिला और बच्ची की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें महिला पुलिस कर्मियों की निगरानी में रखा गया। इसके साथ ही परिजनों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। बाद में दोनों को वन स्टॉप सेंटर, गैस प्लांट रानीपुर में सुरक्षित ठहराया गया तथा सोशल मीडिया और विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से महिला की जानकारी व्यापक रूप से साझा की गई।
पुलिस के प्रयास रंग लाए और महिला के ससुर राजकुमार पुत्र स्वर्गीय लाल सिंह, निवासी महेंद्र नगर (नेपाल), हाल निवासी गांधी नगर, दिल्ली तक सूचना पहुंची। वे 4 अगस्त 2026 को थाना कनखल पहुंचे और महिला की पहचान अपनी बहू सुमन तथा बच्ची की पहचान शिवानी के रूप में की। उन्होंने बताया कि महिला का पति करन उर्फ कर्मा, जो स्वयं भी बोल नहीं पाता है, अभी तक घर नहीं पहुंचा है और संभवतः पैदल कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा है।
महिला को उसके ससुर से मिलवाया गया। इस दौरान भावुक महिला ने नम आंखों से इशारों के माध्यम से हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस मानवीय कार्य की आमजन ने भी भूरी-भूरी प्रशंसा की और हरिद्वार पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।
पुलिस टीम में थाना कनखल के प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, हेड कांस्टेबल संजय धनाई, कांस्टेबल विजयपाल, महिला कांस्टेबल प्रियंका तथा महिला कांस्टेबल सुमन भंडारी शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
