दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने दरगाह क्षेत्र से हटाया अतिक्रमण मुसाफिर ख़ाना रेन बसेरा कराया खाली
दरगाह परिसर में चला प्रशासन का डंडा: प्रबंधक विकास अवस्थी ने संभाली कमान, अव्यवस्थाओं पर सीधा प्रहार..
मुसाफिर खाने से हटाया जमावड़ा, सीसीटीवी सिस्टम को दुरुस्त करने के निर्देश..
पिरान कलियर: दरगाह क्षेत्र में वर्षों से जड़ जमा चुकी अव्यवस्थाओं को समाप्त करने के लिए प्रशासन ने अब निर्णायक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। रुड़की तहसीलदार विकास अवस्थी को दरगाह प्रबंधक का अतिरिक्त दायित्व मिलने के बाद प्रशासनिक सक्रियता साफ तौर पर नजर आने लगी है। प्रभार संभालते ही तहसीलदार/दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी और मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंगलवार को पुलिस और दरगाह प्रशासन की संयुक्त टीम के साथ दरगाह परिसर में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान दरगाह कार्यालय के पास स्थित मुसाफिर खाने में लंबे समय से अवैध रूप से ठहरे लोगों को बाहर निकाला गया। मुसाफिर खाने को पूरी तरह खाली कराते हुए वहां फैली अव्यवस्थाओं पर विराम लगाने की कोशिश की गई।
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। दरगाह क्षेत्र में अतिक्रमण कर अस्थायी दुकानों और अवैध कब्जों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए। प्रशासन की टीम ने मौके पर ही अतिक्रमण हटवाकर स्पष्ट संदेश दिया कि दरगाह परिसर में अवैध गतिविधियों और मनमानी को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों का भी जायजा लिया गया। दरगाह प्रबंधक विकास अवस्थी ने संबंधित ऑपरेटर को खराब कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराने और संवेदनशील स्थानों पर नए कैमरे लगाने के निर्देश दिए, ताकि परिसर की निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनाई जा सके।
गौरतलब है कि मुसाफिर खाने में लंबे समय से अवैध रूप से डेरा जमाने की शिकायतें मिलती रही हैं। पूर्व में भी कई बार कार्रवाई हुई, लेकिन हालात जस के तस बने रहे। इस बार प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि दरगाह क्षेत्र में अनुशासन और व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इस अभियान के दौरान अकाउंटेंट सद्दाम हुसैन, एसआई उपेंद्र सिंह, हेड मोहर्रिर कुंमपाल तोमर, हेड कांस्टेबल रविंद्र बालियान, जितेंद्र सिंह, भादुराम समेत पुलिस व दरगाह प्रशासन के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
2
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0