मतदाता सूची में आपत्तियों को लेकर कांग्रेस विधायकों ने उठाए सवाल, एडीएम से जांच की मांग
मतदाता सूची में आपत्तियों को लेकर कांग्रेस विधायकों ने उठाए सवाल, एडीएम से जांच की मांग
नई दस्तक:-(मुनव्वर अली साबरीं)
हरिद्वार। मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान फॉर्म-7 के जरिए दर्ज कराई जा रही आपत्तियों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। बुधवार को कांग्रेस के विधायकों के प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार से मुलाकात कर आपत्तियों की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए।
कांग्रेस विधायकों का आरोप है कि एक ही शिकायतकर्ता की ओर से पांच से अधिक फॉर्म-7 दाखिल किए गए हैं। इसको लेकर नेताओं ने आशंका जताई कि कहीं मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया का सुनियोजित तरीके से दुरुपयोग तो नहीं किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित शिकायतकर्ता द्वारा दाखिल किए गए सभी फॉर्म-7 की जांच कराने की मांग की।
मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि फॉर्म-7 के माध्यम से किसी मतदाता का नाम हटाने की प्रक्रिया महज औपचारिकता नहीं है। इसके लिए निर्धारित नियमों और ठोस आधार का पालन जरूरी है। उन्होंने कहा कि एक ही व्यक्ति द्वारा बड़ी संख्या में आपत्तियां दाखिल किए जाने से पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।
ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाने अथवा बिना पर्याप्त आधार के उसके खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने की कोशिश गंभीर विषय है। उन्होंने प्रशासन से प्रत्येक आपत्ति की गहनता से जांच कराने की मांग की।
कांग्रेस विधायकों ने कहा कि केवल फॉर्म-7 दाखिल होने के आधार पर किसी मतदाता का नाम हटाने की कार्रवाई आगे नहीं बढ़नी चाहिए। आपत्ति के आधार, शिकायतकर्ता की पात्रता और संबंधित मतदाता की वास्तविक स्थिति की जांच जरूरी है। नेताओं ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने जानबूझकर गलत जानकारी देकर प्रक्रिया का दुरुपयोग किया है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि सभी आपत्तियों की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच में कोई शिकायतकर्ता नियमों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती, भगवानपुर विधायक ममता राकेश, कलियर विधायक फुरकान अहमद, ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर और लक्सर से बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
