तीन दिन की भूख हड़ताल के बाद अनशन समाप्त, लंबित विजिलेंस जांचों पर कार्रवाई का आश्वासन; मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी'

Aug 9, 2026 - 01:50
 0
तीन दिन की भूख हड़ताल के बाद अनशन समाप्त, लंबित विजिलेंस जांचों पर कार्रवाई का आश्वासन; मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी'

तीन दिन की भूख हड़ताल के बाद अनशन समाप्त, लंबित विजिलेंस जांचों पर कार्रवाई का आश्वासन; मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी'

नई दस्तक:- (मुनव्वर अली साबरीं)

भ्रष्टाचार के खिलाफ सुराज सेवा दल का आंदोलन स्थगित, सरकार को एक सप्ताह की मोहलत

देहरादून। भ्रष्टाचार, माफियागिरी और वर्षों से लंबित विजिलेंस जांचों के मुद्दे पर सुराज सेवा दल का आंदोलन फिलहाल एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है। जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल की तीन दिन से जारी भूख हड़ताल शनिवार को मुख्यमंत्री के कोऑर्डिनेटर दलवीर दानू के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हुई। सरकार की ओर से संगठन की मांगों पर एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद अनशन समाप्त कराया गया। हालांकि, संगठन ने स्पष्ट किया कि आंदोलन खत्म नहीं हुआ है, बल्कि सरकार को अपनी मांगों पर कार्रवाई के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।


शनिवार को आंदोलन के तीसरे दिन प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सुराज सेवा दल के कार्यकर्ता भाजपा सांसदों से मिलने के लिए आगे बढ़े। कार्यकर्ताओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश के चलते माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया।


स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री के कोऑर्डिनेटर दलवीर दानू मौके पर पहुंचे और सुराज सेवा दल के पदाधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर संगठन की मांगों पर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। आश्वासन मिलने के बाद दलवीर दानू ने जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल को जूस पिलाकर उनकी तीन दिन से जारी भूख हड़ताल समाप्त कराई।


अनशन समाप्त होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने कहा कि सुराज सेवा दल भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को एक सप्ताह का समय दिया गया है और संगठन अब यह देखेगा कि लंबित विजिलेंस जांचों और अन्य मामलों में सरकार की ओर से कितनी ठोस कार्रवाई की जाती है।
रमेश जोशी ने कहा कि वर्षों से विजिलेंस जांचों का लंबित रहना गंभीर चिंता का विषय है। यदि निर्धारित समय के भीतर सरकार की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए गए तो सुराज सेवा दल दोबारा आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इस बार आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्तर पर विस्तार दिया जाएगा।


प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र बिष्ट ने कहा कि भ्रष्टाचार और लंबित जांचों जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार की चुप्पी अब स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाता रहेगा और किसी भी दबाव में अपने आंदोलन से पीछे नहीं हटेगा।
जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल ने कहा कि तीन दिन की भूख हड़ताल जनता के हक और न्याय की मांग को लेकर की गई थी। सरकार की ओर से मिले आश्वासन के बाद अनशन समाप्त किया गया है, लेकिन यह आंदोलन का अंत नहीं है। यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो सुराज सेवा दल प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन शुरू करेगा।


आंदोलन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी, प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र बिष्ट, जिलाध्यक्ष सुमित अग्रवाल, कमल धामी, कावेरी जोशी, नितिन कटारिया, अमित अग्रवाल, राजेश थापा, वीरेंद्र सिंह, हिमांशु धामी, नवीन, मोनू, दिव्यांश, पूजा नेगी, संगीता, मोनिका, नसरीन, सुमन, लक्ष्मी और गीता समेत बड़ी संख्या में सुराज सेवा दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0