कांवड़ यात्रा की तैयारियों का ADG डॉ. वी. मुरगेशन ने लिया जायजा, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर दिए अहम निर्देश,

Aug 7, 2026 - 16:07
Aug 7, 2026 - 16:08
 0

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का ADG डॉ. वी. मुरगेशन ने लिया जायजा, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर दिए अहम निर्देश,

मेला कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर CCTV से व्यवस्थाओं की समीक्षा, डाक कांवड़ के बढ़ते दबाव के अनुरूप डायवर्जन प्लान तत्काल लागू करने के निर्देश।

नई दस्तक (मुनव्वर अली साबरीं)

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरगेशन शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान ADG ने सबसे पहले सीसीआर स्थित मेला कंट्रोल रूम का भ्रमण किया। यहां स्थापित अत्याधुनिक CCTV मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से उन्होंने जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों, कांवड़ पटरी, हाईवे तथा संवेदनशील स्थलों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से यात्रा संचालन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।


इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने ADG को वर्तमान में लागू ट्रैफिक प्लान, हाईवे एवं कांवड़ मार्गों की स्थिति, श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा अब तक गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके कांवड़ियों की संख्या एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। वहीं पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव ने ट्रैफिक संचालन और डायवर्जन व्यवस्था के संबंध में विस्तृत प्रस्तुति दी।


निरीक्षण के बाद डॉ. वी. मुरगेशन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डाक कांवड़ के दौरान श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या में होने वाली वृद्धि को देखते हुए ट्रैफिक एवं डायवर्जन प्लान को समयबद्ध तरीके से सक्रिय किया जाए। साथ ही पार्किंग स्थलों से वाहनों की सुगम निकासी, प्रमुख मार्गों पर यातायात का निर्बाध संचालन तथा आपातकालीन सेवाओं के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।


उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, समन्वय और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि देशभर से आने वाले शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
हरिद्वार पुलिस प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं तथा प्रत्येक स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0