कांवड़ मेले की सफलता पर पुलिसकर्मियों का सम्मान, 3 दिन के पारितोषिक अवकाश की घोषणा
कांवड़ मेले की सफलता पर पुलिसकर्मियों का सम्मान, 3 दिन के पारितोषिक अवकाश की घोषणा
नई दस्तक :-(मुनव्वर अली साबरीं)
प्रेमनगर आश्रम में आयोजित हुआ पुलिस प्रशासन का बड़ा खाना, आला अधिकारियों ने की पुलिस फोर्स, ट्रैफिक वालंटियर्स व एसपीओ की मेहनत की सराहना
हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला 2026 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन के बाद मेले में तैनात पुलिस फोर्स के उत्साहवर्धन और सम्मान के लिए प्रेमनगर आश्रम स्थित हॉल में पुलिस प्रशासन की ओर से बड़ा खाना एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस मुख्यालय और रेंज स्तर के आला अधिकारियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी, पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारी-जवान, ट्रैफिक वालंटियर्स, एसपीओ, गणमान्य नागरिक एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं एसएसपी नवनीत सिंह ने मुख्य अतिथि एडीजी कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन, आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे, आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत, आईजी रेंज राजीव स्वरूप, डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र गुंज्याल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा कांवड़ मेला 2026 से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ हुई। उन्होंने मेले के दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा की गई सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी। रिपोर्ट के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की तालियों की गूंज ने कांवड़ मेले के सफल आयोजन की कहानी बयां की।
ट्रेनीज रिक्रूट्स के प्रदर्शन की भी हुई सराहना
पुलिस मुख्यालय एवं रेंज स्तर से पहुंचे अधिकारियों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह को कांवड़ मेले के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। अधिकारियों ने पहली बार ग्राउंड ड्यूटी कर रहे ट्रेनीज रिक्रूट्स के प्रदर्शन की विशेष रूप से सराहना की और कहा कि विभाग में अपनी पहली परीक्षा के दौरान उन्होंने पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाई।
इसके साथ ही कांवड़ मेले के दौरान पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर यातायात व्यवस्था संभालने वाले ट्रैफिक वालंटियर्स और एसपीओ के योगदान की भी जमकर प्रशंसा की गई।
सराहनीय कार्य करने वालों को किया सम्मानित
समारोह के दौरान एडीजी कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने हरिद्वार सहित अन्य जनपदों से कांवड़ मेला ड्यूटी में पहुंचे और सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, ट्रैफिक वालंटियर्स तथा एसपीओ को सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि ने समस्त पुलिस फोर्स को कांवड़ मेला 2026 के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। साथ ही पुलिसकर्मियों की मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए 03 दिन के पारितोषिक अवकाश की घोषणा की गई। इस घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल पर पुलिसकर्मियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
मेहनत के बाद साथ बैठकर लिया भोजन का आनंद
कांवड़ मेले के दौरान लगातार ड्यूटी और व्यवस्थाओं में जुटे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोजन के साथ हुआ। सम्मान समारोह के बाद उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों, वालंटियर्स, गणमान्य नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने साथ बैठकर लजीज भोजन का आनंद लिया।
कांवड़ मेले की औपचारिक समाप्ति के बाद आयोजित यह कार्यक्रम पुलिस फोर्स के मनोबल को बढ़ाने और मेले की सफलता में योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर बना।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
