रुड़की सालियर बाईपास पर अनियंत्रित बाइक रेलिंग से टकराई हादसे में यूपी के युवक की दर्दनाक मौत पत्नी और मासूम बच्ची बाल-बाल बचे
रुड़की: सालियर बाईपास पर अनियंत्रित बाइक रेलिंग से टकराई,
--हादसे में यूपी के युवक की दर्दनाक मौत; --पत्नी और मासूम बच्ची बाल-बाल बचे
नई दस्तक
रुड़की:- गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर बाईपास पर एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ एक अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी उसकी पत्नी और छोटी बच्ची को मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, अंकित पुत्र अज्ञात, निवासी ग्राम कुरसलीपुर, थाना बिहारीगढ़, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) अपनी पत्नी और मासूम बेटी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर झबरेड़ा क्षेत्र में स्थित अपनी एक रिश्तेदारी में जा रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह सालियर बाईपास के पास पहुँचा, तभी अचानक तेज रफ्तार बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अंकित बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरा, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गनीमत रही कि उसकी पत्नी और बच्ची दूसरी ओर गिरे, जिससे उन्हें केवल मामूली चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा बाइक के फिसलने से हुआ या किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारी थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
