स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस के 14 अधिकारी-कर्मचारी होंगे सम्मानित

Aug 14, 2026 - 16:40
 0
स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस के 14 अधिकारी-कर्मचारी होंगे सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड पुलिस के 14 अधिकारी-कर्मचारी होंगे सम्मानित

नई दस्तक:-(मुनव्वर अली साबरीं)

हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह को विशिष्ट कार्य के लिए मिलेगा मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक, दिवंगत इंस्पेक्टर मनोज मनराल को मरणोपरांत सम्मान

हरिद्वार। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के 14 अधिकारी और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वालों में हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह का नाम भी शामिल है। उन्हें पुलिसिंग के क्षेत्र में किए गए विशिष्ट कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने इस वर्ष कांवड़ मेले के दौरान बड़ी चुनौती का सामना करते हुए सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संभाला। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे करोड़ों कांवड़ यात्रियों के बीच भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, रूट डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की तैयारियां और रणनीति महत्वपूर्ण साबित हुई।

कांवड़ मेले के अलावा अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में भी हरिद्वार पुलिस ने कई उल्लेखनीय कार्रवाई कीं। वाहन चोरी, नशा तस्करी, अवैध शराब और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में पुलिस ने गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार किया। कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में भी पुलिस की सक्रियता लगातार बनी रही।

वहीं, देहरादून के अभिसूचना विभाग (एलआईयू) में तैनात रहे इंस्पेक्टर मनोज मनराल को मरणोपरांत मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा। उनका हाल ही में निधन हुआ था। उन्हें विशिष्ट कार्य के लिए यह सम्मान दिए जाने की घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक के लिए कुल आठ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का चयन उनकी सेवा के आधार पर तथा छह का चयन विशिष्ट कार्यों के लिए किया गया है।

सेवा के आधार पर सम्मान पाने वालों में आईजी नीलेश आनंद भरणे, एएसपी रेवाधर मठपाल, सीओ भास्कर लाल शाह, सीओ त्रिवेंद्र सिंह राणा, सीओ मनीष जस्वाल, निरीक्षक गिरीधर सिंह रावत, निरीक्षक मोहम्मद यासीन और गुल्मनायक दिनेश चंद्र शामिल हैं।

विशिष्ट कार्य के लिए सम्मानित होने वालों में दिवंगत इंस्पेक्टर मनोज मनराल, दिवंगत उपनिरीक्षक विनोद कुमार, आईजी सुनील कुमार मीणा, एसएसपी नवनीत सिंह, एएसपी शान्तनु पराशर और सीओ मनोज असवाल के नाम शामिल हैं।

स्वतंत्रता दिवस पर मिलने वाला यह सम्मान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य, समर्पण तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर पुलिसिंग के लिए राज्य सरकार की ओर से प्रदान किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0