हरिद्वार: लक्सर क्षेत्र में डॉक्टर की कार पर हुई सनसनीखेज फायरिंग की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए पूरे मामले की परतें खोल दी हैं।

May 1, 2026 - 16:54
 0
हरिद्वार: लक्सर क्षेत्र में डॉक्टर की कार पर हुई सनसनीखेज फायरिंग की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए पूरे मामले की परतें खोल दी हैं।
हरिद्वार: लक्सर क्षेत्र में डॉक्टर की कार पर हुई सनसनीखेज फायरिंग की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए पूरे मामले की परतें खोल दी हैं। चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि कथित “सत्संगी बाबा” ने अपने ही चेले के साथ मिलकर डॉक्टर की हत्या की साजिश रची थी। 

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर सक्रिय हुई लक्सर पुलिस ने फायरिंग की घटना में शामिल एक आरोपी को अवैध तमंचे और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित दबोच लिया, जबकि वारदात का मास्टरमाइंड बाबा अभी फरार चल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

एसपी देहात शेखर सुयाल ने प्रेस कांफ्रेंस कर खुलासा करते हुए बताया कि 27 अप्रैल को दाबकी कलां निवासी डॉ. सुमित कुमार ने कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने साथियों के साथ हंस फाउंडेशन अस्पताल बहादराबाद से लौट रहे थे, तभी बाडीटीप के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि 14 अप्रैल को भी डॉक्टर की गाड़ी पर हमला किया गया था और कार के अंदर से बुलेट बरामद हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और फील्ड यूनिट की मदद से जांच शुरू की।

प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोशियारी के नेतृत्व में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम सैनी पुत्र राजेश कुमार निवासी भिक्कमपुर, लक्सर के रूप में हुई। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अवैध 315 बोर तमंचा बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी शुभम सैनी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब तीन साल से एक कथित बाबा के संपर्क में था और उसके आश्रम में सत्संग करता था। इसी दौरान बाबा से उसकी नजदीकियां बढ़ गईं। आरोपी के मुताबिक बाबा ने करीब पांच-छह महीने पहले डॉ. सुमित कुमार को रास्ते से हटाने की बात कही थी। इसके बाद 14 अप्रैल को दोनों ने डॉक्टर की गाड़ी पर फायरिंग की और फिर 27 अप्रैल को दोबारा पीछा कर बाडीटीप के पास कार पर चार राउंड फायर झोंक दिए।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार बाबा की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले के खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है कि आखिर सत्संग की आड़ में इतनी बड़ी साजिश कैसे रची जा रही थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम सैनी पुत्र राजेश कुमार निवासी ग्राम भिक्कमपुर, थाना कोतवाली लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोशियारी, यशवीर नेगी, चौकी इंचार्ज भिक्कमपुर, एचसी पंचम प्रकाश, कांस्टेबल गंगा, कांस्टेबल धवजवीर, एचसी मनमोहन भंडारी (CIU रुड़की)
कांस्टेबल महिपाल तोमर (CIU रुड़की) शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0