रबीउल अव्वल की आमद पर ईद मिलादुन्नबी की तैयारियां तेज, ज्वालापुर में हुई अहम बैठक जुलूस-ए-मुहम्मदी, ब्लड डोनेशन कैंप, मरीजों को फल वितरण और चादरपोशी सहित कई कार्यक्रमों पर बनी रूपरेखा
रबीउल अव्वल की आमद पर ईद मिलादुन्नबी की तैयारियां तेज, ज्वालापुर में हुई अहम बैठक
जुलूस-ए-मुहम्मदी, ब्लड डोनेशन कैंप, मरीजों को फल वितरण और चादरपोशी सहित कई कार्यक्रमों पर बनी रूपरेखा
नई दस्तक:- (मुनव्वर अली साबरी)
हरिद्वार। माह-ए-रबीउल अव्वल की आमद के साथ ही ईद मिलादुन्नबी के आयोजनों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में ज्वालापुर स्थित एक होटल में अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसायटी रजि. की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सोसायटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आगामी धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां तय कीं।
बैठक की अध्यक्षता सोसायटी के सदर हाजी शफी खान ने की। उन्होंने कहा कि माह-ए-रबीउल अव्वल मुसलमानों के लिए बेहद मुबारक महीना है और हर वर्ष सोसायटी की ओर से इस अवसर पर धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी सभी कार्यक्रम आपसी भाईचारे, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ आयोजित किए जाएंगे।
हाजी शफी खान ने बताया कि कार्यक्रमों की अंतिम तिथियां चांद की तारीख के अनुसार निर्धारित की जाएंगी। कार्यक्रमों की पूरी रूपरेखा तय होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से इसकी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। उन्होंने कहा कि ईद मिलादुन्नबी के आयोजनों के साथ समाजसेवा को भी विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
सोसायटी के सेक्रेट्री राहिल कुरैशी ने बताया कि रबीउल अव्वल के दौरान ब्लड डोनेशन कैंप, अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण तथा अन्य सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा दरगाह साबिर पाक में चादरपोशी का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि 11 रबीउल अव्वल को पीलीभीत से डॉ. सैय्यद बिलाल मियां हुजूर मुहम्मद साहब का “मू-ए-मुबारक” लेकर पहुंचेंगे। इसकी जियारत ज्वालापुर स्थित दरगाह बाबा रोशन अली के पास कराई जाएगी। कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिम्मेदारियां संबंधित पदाधिकारियों और सदस्यों को सौंप दी गई हैं।
सोसायटी के उपाध्यक्ष हाजी जमशेद खान ने बताया कि 12 रबीउल अव्वल को जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर ज्वालापुर से पिरान कलियर तक जुलूस-ए-मुहम्मदी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जुलूस को लेकर सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएंगी। साथ ही आयोजन में शामिल होने वाले लोगों से अनुशासन, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सोसायटी का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में इंसानियत, मोहब्बत और भाईचारे का संदेश पहुंचाना है। धार्मिक आयोजनों के साथ जरूरतमंदों की मदद और सामाजिक सेवा को भी लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।
वहीं कोषाध्यक्ष हाजी गुलजार एवं अब्दुल रहमान ने कार्यक्रमों की आर्थिक एवं व्यवस्थागत तैयारियों को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी और सदस्य आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। अस्पतालों में मरीजों की सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और अन्य सामाजिक कार्यों को गंभीरता से कराया जाएगा।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि रबीउल अव्वल के सभी कार्यक्रम चांद की तारीख के अनुसार अंतिम रूप दिए जाएंगे। कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी। बैठक के दौरान सदस्यों ने अपने सुझाव भी रखे और आयोजनों को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर हाजी शफी खान, हाजी रफी खान, राहिल कुरैशी, हाजी गुलजार, कारी तबरेज, हाजी जमशेद, मसूद खान, हारून खान, फैसल खान उर्फ मोंटू, राव फरमान, शाहवेज खान, आलम सैफी, कल्लू कुरैशी, शाहबाज कुरैशी, तनजीम कुरैशी, आदिल कुरैशी, मुनव्वर कुरैशी, शाजेर कुरैशी, नईम सैफी, नौशाद अली, समीर, गजनफर अंसारी सहित बड़ी संख्या में सोसायटी के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
