ऑपरेशन “प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची को कर्नाटक से सकुशल बरामद किया

Apr 20, 2026 - 02:23
 0
ऑपरेशन “प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची को कर्नाटक से सकुशल बरामद किया

रूड़की: ऑपरेशन “प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची को कर्नाटक से सकुशल बरामद कर लिया। चौंकाने वाली बात यह रही कि पड़ोस में रहने वाली महिला ने कपड़े दिलाने के बहाने बच्ची को अपने साथ ले जाकर उसे भीख मंगवाने और गलत काम में धकेलने की साजिश रच डाली।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के सख्त निर्देशों पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित वापस लाकर एक मां की बुझी उम्मीदों में फिर से मुस्कान लौटा दी।

एसपी देहात शेखर सुयाल का खुलासा: कर्नाटक से सकुशल बरामद हुई नाबालिग, बड़ी घटना टली.....
एसपी देहात शेखर सुयाल ने प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 10 अप्रैल को पीड़िता की मां ने थाना पिरान कलियर में अपनी 14 वर्षीय बेटी के लापता होने की सूचना दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्ध महिला की लोकेशन दिल्ली, लखनऊ, मध्यप्रदेश होते हुए आखिरकार कर्नाटक में ट्रेस की।

प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी के नेतृत्व में बनी टीम ने दिखाया दम....
कोतवाली पिरान कलियर के प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल लोकेशन के आधार पर कर्नाटक पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी महिला को दबोच लिया और नाबालिग बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला बच्ची को भीख मंगवाने और गलत कार्य में धकेलने के इरादे से अपने साथ ले गई थी।

मां की टूटी उम्मीदों को पुलिस ने फिर से जिंदा किया...
पीड़िता की मां की हालत बेहद दयनीय है, जो बीमारी और गरीबी के चलते भीख मांगकर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। उसे उम्मीद नहीं थी कि उसकी बेटी वापस मिल पाएगी, लेकिन हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उसकी दुनिया फिर से बसा दी। बच्ची के सकुशल मिलने पर मां की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे।

समय रहते कार्रवाई, बड़ी वारदात होने से बची.....
पुलिस की सतर्कता और तेज कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई। यदि समय रहते पुलिस सक्रिय नहीं होती तो बच्ची को गंभीर अपराध के दलदल में धकेला जा सकता था। इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पूरी टीम की पीठ थपथपाई। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी, एसएसआई देवेन्द्र सिंह तोमर, अपर उपनिरीक्षक रामअवतार, हेडकांस्टेबल सोनू कुमार व महिला कांस्टेबल सरिता राणा शामिल रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0