साबिर पाक के 758वें उर्स की कल परचम कुशाई से होगी शुरुआत, मेला प्रभारी बने इंस्पेक्टर कमल मोहन भण्डारी
साबिर पाक के 758वें उर्स की कल परचम कुशाई से होगी शुरुआत, मेला प्रभारी बने इंस्पेक्टर कमल मोहन भण्डारी
कोतवाली के उच्चीकरण के बाद पहली बार कोतवाली प्रभारी को मिली मेला प्रभारी की जिम्मेदारी, सुरक्षा के साथ भीड़ और यातायात प्रबंधन की होगी बड़ी चुनौती
पिरान कलियर। नई दस्तक:-
(मुनव्वर अली साबरीं)
हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक रह. के 758वें सालाना उर्स/मेले का औपचारिक आगाज कल परचम कुशाई की रस्म के साथ होने जा रहा है। उर्स को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार मेले की सुरक्षा और तमाम व्यवस्थाओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी को सौंपी गई है।
कोतवाली के उच्चीकरण के बाद यह पहली बार है, जब कलियर कोतवाली प्रभारी को ही मेला प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले थाना प्रभारी के अलावा अलग से इंस्पेक्टर को मेला प्रभारी नियुक्त किया जाता था। इस बार मेला प्रभारी के रूप में कमल मोहन भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीम सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है।
परचम कुशाई से शुरू होगा उर्स का सिलसिला
कल परचम कुशाई की रस्म के साथ उर्स/मेले का औपचारिक शुभारंभ होगा। इसके बाद चांद दिखाई देने पर माह रबीउल अव्वल की पहली तारीख को मेहंदी डोरी की रस्म के साथ उर्स का विधिवत आगाज माना जाएगा।
उर्स के दौरान 11 रबीउल अव्वल को छोटी रोशनी, 12 रबीउल अव्वल को बड़ी रोशनी, 13 रबीउल अव्वल को कुल शरीफ और 14 रबीउल अव्वल को गुस्ल शरीफ की प्रमुख रस्में अदा की जाएंगी। इन महत्वपूर्ण मौकों पर देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीनों और अकीदतमंदों के कलियर पहुंचने की संभावना है।
लाखों की भीड़ के बीच सुरक्षा बड़ी चुनौती
उर्स के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को व्यवस्थित रखना पुलिस-प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी। भीड़ नियंत्रण के साथ मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग, जायरीनों की आवाजाही और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती पर विशेष ध्यान देना होगा।
भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के साथ किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस टीमों को सतर्क रहना होगा। प्रशासन की कोशिश है कि दूर-दराज से आने वाले जायरीनों को किसी तरह की परेशानी न हो और उर्स शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सके।
मेला प्रभारी के नेतृत्व में तैयारियां तेज
मेला प्रभारी इंस्पेक्टर कमल मोहन भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीम उर्स की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है। पुलिस-प्रशासन के लिए इस बार चुनौती इसलिए भी अहम है क्योंकि प्रमुख रस्मों के दौरान कलियर में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के पहुंचने की उम्मीद है।
अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि संभावित भारी भीड़ के बीच पुलिस और प्रशासन सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं को किस तरह संचालित करता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
