रुद्रपुर: महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस महकमे में सख्ती का बड़ा संदेश सामने आया है। नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भवती होने जैसे गंभीर मामले में पुलिस की कथित लापरवाही उजागर

May 7, 2026 - 01:01
 0
रुद्रपुर: महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस महकमे में सख्ती का बड़ा संदेश सामने आया है। नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भवती होने जैसे गंभीर मामले में पुलिस की कथित लापरवाही उजागर

रुद्रपुर: महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस महकमे में सख्ती का बड़ा संदेश सामने आया है। नाबालिग से दुष्कर्म और गर्भवती होने जैसे गंभीर मामले में पुलिस की कथित लापरवाही उजागर होने पर एसएसपी अजय गणपति ने कड़ा एक्शन लेते हुए दो महिला कांस्टेबलों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई से साफ संकेत गया है कि महिला संबंधी मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई अब भारी पड़ेगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने साफ शब्दों में कहा कि महिला अपराधों पर “जीरो टॉलरेंस” नीति लागू है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि हर महिला शिकायत पर तुरंत और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, अन्यथा कठोर कार्रवाई तय है।

मामला कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र का है, जहां मलिक कॉलोनी निवासी महिला ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी कि उसकी नाबालिग बेटी को यश प्रताप सिंह बहला - फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। पीड़िता की मां ने कोतवाली रुद्रपुर, पंतनगर और महिला हेल्प डेस्क पर कई बार शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन कहीं भी नियमानुसार कार्रवाई नहीं हुई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला हेल्प डेस्क, कोतवाली रुद्रपुर में तैनात महिला हेड कांस्टेबल पायल आर्या और महिला कांस्टेबल मंजू आर्या को ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर तत्काल निलंबित कर दिया गया है।

पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच क्षेत्राधिकारी पंतनगर डी.आर. वर्मा को सौंपी गई है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि सात दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। एसएसपी ने दोहराया कि महिला संबंधी मामलों में पुलिस की पहली जिम्मेदारी पीड़िता को त्वरित, निष्पक्ष और सम्मानजनक न्याय दिलाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी किसी भी लापरवाही पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0