ऑपरेशन प्रहार का बड़ा वार: 20.50 लाख की स्मैक के साथ मुजफ्फरनगर के दो तस्कर गिरफ्तार'

Aug 9, 2026 - 02:42
 0

ऑपरेशन प्रहार का बड़ा वार: 20.50 लाख की स्मैक के साथ मुजफ्फरनगर के दो तस्कर गिरफ्तार'

नई दस्तक (मुनव्वर अली साबरी)

प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों को नशे की सप्लाई की थी तैयारी, 26.19 ग्राम स्मैक और तस्करी में इस्तेमाल बाइक बरामद

देहरादून। राजधानी देहरादून में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत प्रेमनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने नशा तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर निवासी दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 26.19 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर देहरादून पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कर नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

इसी अभियान के तहत प्रेमनगर एसएचओ नरेश सिंह राठौड़ के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 7 अगस्त की देर रात प्रेमनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से 26.19 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. नदीम (30), निवासी दक्षिणी खालापार, मुजफ्फरनगर और फैसल (28), निवासी योगेंद्र पुरी कॉलोनी, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मुजफ्फरनगर से स्मैक लेकर देहरादून पहुंचे थे। उनका कथित उद्देश्य प्रेमनगर क्षेत्र में स्थित शिक्षण संस्थानों के आसपास हॉस्टल, पीजी और फ्लैटों में रहने वाले छात्रों को नशे की सप्लाई कर मुनाफा कमाना था। पुलिस के अनुसार आरोपी इससे पहले भी प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों को स्मैक सप्लाई करने की बात कबूल कर चुके हैं।

पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी पुलिस की नजरों से बचने के लिए मोबाइल फोन तक अपने पास नहीं रखते थे। इस बार भी दोनों प्रेमनगर क्षेत्र में पहुंचकर नशे की खेप को आगे सप्लाई करने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनकी योजना कामयाब होने से पहले ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली प्रेमनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी स्मैक की खेप कहां से लेकर आए थे और उनके संपर्क में नशे के कारोबार से जुड़े और कौन-कौन लोग हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई को देहरादून में खासकर युवाओं और छात्रों तक नशे की पहुंच रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों को नशे की सप्लाई करने की कथित कोशिश कर रहे तस्करों की गिरफ्तारी से पुलिस ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया है।

पुलिस टीम में शामिल रहे अधिकारी एवं कर्मचारी:

  1. नरेश सिंह राठौड़, एसएचओ प्रेमनगर
  2. जैनेंद्र सिंह राणा, चौकी प्रभारी बिधौली
  3. अपर उपनिरीक्षक रामलाल
  4. कांस्टेबल श्रीकांत मलिक
  5. कांस्टेबल वीरेंद्र भंडारी
  6. कांस्टेबल रवि शंकर
  7. कांस्टेबल अरशद

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0