हरिद्वार: ज्वालापुर में सराय क्षेत्र की गायत्री विहार कॉलोनी में ट्रैक्टर-ट्रॉली की हल्की टक्कर के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष

May 20, 2026 - 02:38
 0
हरिद्वार: ज्वालापुर में सराय क्षेत्र की गायत्री विहार कॉलोनी में ट्रैक्टर-ट्रॉली की हल्की टक्कर के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष

हरिद्वार: ज्वालापुर में सराय क्षेत्र की गायत्री विहार कॉलोनी में ट्रैक्टर-ट्रॉली की हल्की टक्कर के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। लाठी-डंडों, फावड़ों और सरियों से हुई मारपीट में कई लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार गायत्री विहार सराय ज्वालापुर निवासी हिसाबुद्दीन उर्फ सानू पुत्र रहीम ने कोतवाली ज्वालापुर में दी तहरीर में बताया कि वह 17 मई की सुबह करीब नौ बजे अपने निर्माणाधीन मकान के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में रोड़ी लेकर घर पहुंच रहा था। आरोप है कि मकान से कुछ कदम पहले खड़े एल्फा थ्री व्हीलर से ट्रॉली हल्की टकरा गई। इसी बात को लेकर रिजवान पुत्र साहिब, आयान पुत्र साहिब और उनके चार भाइयों ने विवाद शुरू कर दिया।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने हिसाबुद्दीन उर्फ सानू तथा बीच-बचाव में आए मोहम्मद उमर और सुलेमान पर लाठी-डंडों, फावड़ों और सरियों से हमला कर दिया। हमले में हिसाबुद्दीन के सिर में खुली चोट आई, जबकि सुलेमान की कमर में गंभीर चोट लगी। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घायलों का मेडिकल कराने के बाद पुलिस को तहरीर दी गई।

मारपीट के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। किसी स्थानीय व्यक्ति ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं।

कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0