कांवड़ मेले के बीच हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा, चोरी के मामले में तीन शातिर गिरफ्तार'
कांवड़ मेले के बीच हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा, चोरी के मामले में तीन शातिर गिरफ्तार
टिहरी विस्थापित कॉलोनी में दो घरों में हुई चोरी का खुलासा, सीआईयू और रानीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
नई दस्तक:- (मुनव्वर अली साबरीं)
हरिद्वार। कांवड़ मेले के बीच हरिद्वार पुलिस ने चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली रानीपुर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए टिहरी विस्थापित कॉलोनी में दो घरों में हुई चोरी की घटना का पर्दाफाश किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात बेचकर प्राप्त 5 लाख रुपये की नकदी, घटना में प्रयुक्त टैम्पो समेत महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई 2026 की रात टिहरी विस्थापित कॉलोनी की गली नंबर ए-20 स्थित दो मकानों को चोरों ने निशाना बनाया था। इस दौरान घरों के ताले तोड़कर जेवरात और अन्य सामान चोरी किया गया था। मामले में 4 अगस्त को कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सीआईयू हरिद्वार को तकनीकी सहायता और महत्वपूर्ण सुराग जुटाने की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान पुलिस को घटना में एक टैम्पो के इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने टैम्पो की तलाश शुरू की और जनपद के साथ-साथ बाहर भी दबिश दी।
टैम्पो की चेकिंग के दौरान पहला आरोपी दबोचा
पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को बीएचईएल स्टेडियम के पास सुरेश्वरी देवी मंदिर की ओर जाने वाले तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक नीले रंग के टैम्पो को रोका। टैम्पो के साथ मौजूद संदिग्ध अक्षय उर्फ गोलू पुत्र होशियार सिंह निवासी टांडा माईदास, थाना नगीना, बिजनौर को हिरासत में लिया गया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मृतक राजेन्द्र पाल के नाम का पुलिस कार्ड बरामद हुआ। पूछताछ में अक्षय ने अपने दो साथियों सोनू सैनी और सोनू शर्मा के साथ मिलकर टिहरी विस्थापित कॉलोनी में चोरी करने की बात कबूल की।
अक्षय की निशानदेही पर पुलिस ने रावली महदूद, डेंसो चौक के पास स्थित एक मकान से उसके दोनों साथियों सोनू सैनी निवासी टीबड़ी, बिजनौर और सोनू शर्मा निवासी धामपुर, बिजनौर, हाल निवासी मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
जेवरात बेचकर मिले थे पांच लाख रुपये
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी के दौरान उन्हें एक घर की अलमारी से सोने के जेवरात मिले थे। आरोपियों के अनुसार, उन्होंने चोरी किए गए जेवरात को धामपुर में एक व्यापारी को 5 लाख रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से इसी रकम में से कुल 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
आरोपियों का पहले से भी है आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय उर्फ गोलू और सोनू सैनी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के पास पांच हज़ार नक़द घटना में प्रयोग में लाया गया टेम्पो एक पुलिस कार्ड पेन कार्ड आधार कार्ड बरामद किया गया है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी,नंद किशोर गवाडी,चरण सिंह चौहान चौकी प्रभारी गेस प्लांट,राहुल थापा,सुबोध घिल्डियाल,करम तोमर,प्रेम दानु,विजय पाल,दिग्पाल सिंह,अर्जुन रावत,नरेंद्र सिंह बिष्ट,वसीम, शामिल रहे
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
