स्वस्थ और स्वछ बनाने के संकल्प के तहत उत्तराखंड पुलिस का स्वच्छता अभियान प्रदेश भर में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस ने दिया संदेश

Feb 7, 2026 - 17:36
 0
स्वस्थ और स्वछ बनाने के संकल्प के तहत उत्तराखंड पुलिस का स्वच्छता अभियान प्रदेश भर में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस ने दिया संदेश

पिरान कलियर: प्रदेश को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के संकल्प के तहत उत्तराखंड पुलिस द्वारा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक दीपम शेठ के निर्देश पर धार्मिक, तीर्थ एवं सार्वजनिक स्थलों को विशेष रूप से अभियान में शामिल किया गया है, ताकि आमजन को स्वच्छता का महत्व समझाया जा सके और स्वच्छ वातावरण का संदेश जन-जन तक पहुँच सके।

इसी अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के आदेशानुसार जनपद हरिद्वार के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन सफाई व स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। जनपद के प्रमुख धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

थाना पिरान कलियर क्षेत्र में थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान दरगाह क्षेत्र, मेला क्षेत्र, अब्दाल साहब मार्ग, हज हाउस मार्ग के साथ-साथ इमलीखेड़ा एवं धनौरी क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई की गई। पुलिस कर्मियों ने हाथों में झाड़ू लेकर सड़कों, सार्वजनिक स्थलों व धार्मिक परिसरों की सफाई कर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।


स्वच्छता अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मौजूद जनप्रतिनिधियों व आम नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई, जिसमें सभी ने अपने आसपास साफ-सफाई रखने और समाज को स्वच्छ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस अभियान में एसएसआई सुनील दत्त पांडे, इमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली, धनौरी चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान सहित थाना एवं चौकियों का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता का मजबूत संदेश दिया।

इस अवसर पर थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और साफ-सुथरा वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और इस अभियान में सहयोग करने की अपील भी की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0