दो दशकों का अनुभव: अख़बार की दुनिया से डिजिटल मंच तक, “नई दस्तक” के साथ पत्रकारिता की नई पारी...
दो दशकों का अनुभव: अख़बार की दुनिया से डिजिटल मंच तक, “नई दस्तक” के साथ पत्रकारिता की नई पारी
..
मैं मुनव्वर अली साबरी हूँ।
पत्रकारिता मेरे लिए सिर्फ़ पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक ज़िम्मेदारी, एक संकल्प और सच के साथ खड़े रहने का नाम है। वर्ष 2006 में दैनिक अमर भारती अख़बार से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखते हुए, मैंने इस रास्ते को चुना, तब यह नहीं सोचा था कि यह सफ़र दो दशकों तक अनुभव, संघर्ष और सीख से भरा होगा।
दैनिक अमर भारती के बाद राष्ट्रीय स्वरूप जैसे राष्ट्रीय अख़बार में काम करने का अवसर मिला, जहाँ समाचारों की गंभीरता और व्यापक दृष्टिकोण को समझा। वर्ष 2008 में राष्ट्रीय सहारा अख़बार की लॉन्चिंग के साथ ही मैं उससे जुड़ा और वर्ष 2026 तक लगातार अपनी सेवाएं देता रहा। इस लंबे दौर में मैंने पत्रकारिता के हर रंग देखे—राजनीतिक हलचल, सामाजिक मुद्दों की पीड़ा, धार्मिक आस्था की मर्यादा और आमजन की समस्याओं को सत्ता तक पहुँचाने की चुनौती।
करीब 20 वर्षों की पत्रकारिता में मेरा प्रयास हमेशा यही रहा कि खबर निष्पक्ष हो, भाषा संयमित हो और तथ्य मजबूत हों। मैंने राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक विषयों पर लेखनी चलाई, ताकि आम आदमी की आवाज़ दबे नहीं और सच सामने आता रहे। इस सफ़र में पाठकों का भरोसा ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी रहा।
वर्ष 2026 की शुरुआत में राष्ट्रीय सहारा के बंद होने के बाद एक युग का अंत जरूर हुआ, लेकिन पत्रकारिता के प्रति मेरा संकल्प और मजबूत हुआ। समय बदला है, माध्यम बदले हैं और अब डिजिटल युग में पत्रकारिता की भूमिका और भी अहम हो गई है। इसी सोच के साथ मैंने “नई दस्तक” नाम से एक न्यूज़ पोर्टल की शुरुआत की।
नई दस्तक मेरे दो दशकों के अनुभव और आधुनिक तकनीक का संगम है। मेरा उद्देश्य साफ़ है—राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक खबरों को पूरी ईमानदारी, संतुलन और जिम्मेदारी के साथ आमजन तक पहुँचाना। यह पोर्टल सिर्फ़ खबरें देने का माध्यम नहीं, बल्कि सच की आवाज़, जनसरोकारों का मंच और समाज का आईना बनने का प्रयास है।
पिरान कलियर निवासी होने के नाते, धार्मिक खबरों और जमीन की सच्चाई मेरी पत्रकारिता की ताकत रही है। अब डिजिटल दुनिया में नई दस्तक के जरिए वही सच्चाई, वही अनुभव और वही प्रतिबद्धता पाठकों तक पहुँचाने का संकल्प है।
उम्मीद है कि नई दस्तक न्यूज़ पोर्टल पत्रकारिता की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाएगा और सच की इस यात्रा में आप सभी का विश्वास और साथ यूँ ही बना रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0