पिरान कलियर। एक ही परिवार में शुरू हुई मामूली कहासुनी कुछ ही पलों में खूनी संघर्ष तक पहुंच गई। पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव में गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब प्रधान पति ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से सगे भाई पर फायर कर दिया।
नई दस्तक: (मुनव्वर अली साबरी)
पिरान कलियर। एक ही परिवार में शुरू हुई मामूली कहासुनी कुछ ही पलों में खूनी संघर्ष तक पहुंच गई। पिरान कलियर कोतवाली क्षेत्र के बाजुहेड़ी गांव में गुरुवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब प्रधान पति ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से सगे भाई पर फायर कर दिया। गोली लगने से 50 वर्षीय राजेश सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बाजुहेड़ी गांव निवासी प्रधान पति किशोर सैनी और उनके भाई राजेश सैनी के बीच देर रात किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि किशोर सैनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर राजेश सैनी पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही भगवानपुर क्षेत्राधिकारी सुमित पांडेय, कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसएसआई राजेश बिष्ट तथा धनौरी चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी एकत्र की। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।
कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। घायल का अस्पताल में उपचार जारी है और मामले में साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
