हरिद्वार: पथरी क्षेत्र में तमंचे के बल पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म और लूट की सनसनीखेज वारदात का हरिद्वार पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Jul 15, 2026 - 15:53
 0

हरिद्वार: पथरी क्षेत्र में तमंचे के बल पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म और लूट की सनसनीखेज वारदात का हरिद्वार पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहे आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने लगातार दबिशें दीं और आखिरकार मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पूरे गिरोह को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, महिला से लूटे गए झुमके और मोबाइल फोन के टूटे हुए पार्ट्स व बैटरी भी बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के सख्त निर्देशों पर इस गंभीर मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए थाना पथरी पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। घटना के प्रत्येक पहलू की बारीकी से जांच करते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी व स्थानीय सूचनाओं के आधार पर लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस की लगातार मेहनत आखिरकार रंग लाई और चारों आरोपी कानून के शिकंजे में आ गए।

थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पथरी जंगल के पास से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने दो अन्य साथियों के नाम भी बताए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई। सभी आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी कर समय से न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार बीती 8 जुलाई को पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना पथरी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान यह सामने आया कि 7 जुलाई की रात महिला अपने बच्चे के साथ घर पर मौजूद थी, तभी आरोपियों ने तमंचे के बल पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और कानों के झुमके लूटकर फरार हो गए थे।

गिरफ्तार आरोपी शिवम पुत्र गम्भीर निवासी ग्राम दुर्गागढ़ थाना पथरी (24 वर्ष), शेखर पुत्र चादकीराम निवासी ग्राम दुर्गागढ़ थाना पथरी (22 वर्ष), अरुण पुत्र दलीप निवासी ग्राम दुर्गागढ़ थाना पथरी (23 वर्ष) व विकास पुत्र राजेन्द्र निवासी ग्राम महाखड़ी थाना सयाना जनपद बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश (25 वर्ष) हैं। बरामदगी में एक अवैध तमंचा, एक अवैध चाकू, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, पीड़िता से लूटे गए एक जोड़ी झुमके तथा मोबाइल फोन के टूटे हुए टुकड़े और बैटरी शामिल हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक विपिन कुमार (चौकी प्रभारी फेरूपुर), उपनिरीक्षक बबलू चौहान, महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन, अपर उपनिरीक्षक मुकेश राणा, कांस्टेबल दीपक चौधरी, मुकेश चौहान, जयपाल चौहान, राकेश नेगी तथा नारायण सिंह शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0