हरिद्वार पुलिस ने बिछड़ी मासूम को मां से मिलाया, तत्परता से बची बड़ी अनहोनी

Aug 4, 2026 - 19:56
 0

हरिद्वार पुलिस ने बिछड़ी मासूम को मां से मिलाया, तत्परता से बची बड़ी अनहोनी।

नई दस्तक:

कांवड़ यात्रा के दौरान थकान के चलते पिकअप वाहन में छूट गई थी 5 वर्षीय बच्ची, पुलिस की मुस्तैदी से कुछ ही देर में हुआ मां-बेटी का भावुक मिलन

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा 2026 के दौरान हरिद्वार पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर मानवता और सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया। बहादराबाद बायपास पर ड्यूटी के दौरान पुलिस की सक्रियता से एक बिछड़ी हुई पांच वर्षीय मासूम बच्ची को उसकी मां से सकुशल मिलाया गया, जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने पुलिस की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार 4 अगस्त 2026 को बहादराबाद बायपास पर सेक्टर ऑफिसर एसआई हेमदत्त भारद्वाज ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान उन्हें शिवभक्त सुनीता पत्नी मुरारी लाल, निवासी खुर्जा, अत्यंत परेशान और व्याकुल अवस्था में मिलीं। महिला ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान अत्यधिक थकान होने के कारण उन्होंने अपनी पांच वर्षीय पुत्री नंदिनी को रास्ते से गुजर रहे एक पिकअप कांवड़ वाहन में बैठा दिया था, लेकिन वाहन आगे निकल गया। उनके पास वाहन का नंबर अथवा उसमें सवार कांवड़ियों की कोई जानकारी नहीं थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआई हेमदत्त भारद्वाज ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद बच्ची का विवरण सभी पुलिस ग्रुपों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ साझा किया गया। पुलिस टीम ने महिला को सरकारी वाहन में बैठाकर बहादराबाद बायपास, कोर कॉलेज, टोल प्लाजा तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे और खड़े सभी पिकअप कांवड़ वाहनों की गहन तलाशी शुरू कर दी।
लगातार प्रयासों और समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप साईं मंदिर के समीप एक पिकअप कांवड़ वाहन में पांच वर्षीय नंदिनी सकुशल मिल गई। बच्ची को सुरक्षित देखकर पुलिस टीम ने राहत की सांस ली और उसे तुरंत उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।
अपनी बेटी को सुरक्षित वापस पाकर सुनीता की आंखें खुशी से भर आईं। उन्होंने हरिद्वार पुलिस का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता के कारण उनकी बेटी सुरक्षित मिल सकी। इसके बाद मां-बेटी को सकुशल उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में हरिद्वार पुलिस लगातार सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है। यह घटना पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली और जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का एक और प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0