हरिद्वार पुलिस ने किया अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 17 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद,

Jul 30, 2026 - 16:24
Jul 30, 2026 - 16:25
 0

हरिद्वार पुलिस ने किया अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 17 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद,

नई दस्तक

रुड़की/हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने सक्रिय अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के कुल 17 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार जिले में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए सभी थाना प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में गठित पुलिस टीम ने ठोस सुरागरसी, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सघन चेकिंग अभियान के दौरान सालियर चेक पोस्ट पर तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उनकी निशानदेही से चोरी की 17 मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की गईं।

जांच में सामने आया कि आरोपी हरिद्वार के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें शाहपुर, रुड़की स्थित जियाउलहक के आम के बाग के पास एक खंडहर में छिपाकर रखते थे। बरामद वाहनों में कोतवाली गंगनहर के चार मुकदमों तथा कोतवाली कनखल के एक मुकदमे से संबंधित वाहन भी शामिल हैं। शेष 12 वाहनों की बरामदगी के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन (23 वर्ष) निवासी छापुरशेर अफगानपुर, थाना भगवानपुर, आशु कुमार (24 वर्ष) निवासी हबीबपुर निवादा, थाना कलियर तथा शौकीन (38 वर्ष) निवासी सिकंदरपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वाहन चोरी गिरोह के इस खुलासे को हरिद्वार पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

इस सफल कार्रवाई में कोतवाली गंगनहर के प्रभारी निरीक्षक मनी भूषण श्रीवास्तव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, उपनिरीक्षक ब्रह्मदत्त बिजलवाण, अपर उपनिरीक्षक मनीष कवि, हेड कांस्टेबल युनूस बेग, हेड कांस्टेबल दुर्गा प्रसाद, कांस्टेबल राकेश राणा, कांस्टेबल अर्जुन सिंह, कांस्टेबल राहुल तथा सीआईयू हरिद्वार के कांस्टेबल वसीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0