घोसीपुरा हिंसा मामला: वायरल वीडियो की सच्चाई आई सामने, युवक बोला– दबाव में बनवाया गया था तमंचे वाला क्लिप
कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के गांव घोसीपुरा में हाल ही में हुए खूनी संघर्ष के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया पर जिस वीडियो को हथियार बनाकर फैलाया गया था, अब उसी वीडियो में दिख रहे युवक ने उसकी सच्चाई उजागर कर दी है।
वायरल वीडियो में जिस युवक को जमीन पर पड़ा दिखाया गया था और जिसके पास देशी तमंचा दिखाकर उसे आरोपी साबित करने की कोशिश की गई थी, उसकी पहचान अनुज के रूप में हुई है। अब अनुज खुद सामने आया है और बताया है कि यह वीडियो उसकी मर्जी से नहीं बल्कि डर, धमकी और दबाव में बनवाया गया था।
अनुज का कहना है कि कुछ दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों ने पहले उसके साथ मारपीट की, फिर तमंचा दिखाकर डराया और हाकम के खिलाफ बयान देने के लिए मजबूर किया। उसने आरोप लगाया कि उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।
पीड़ित युवक के मुताबिक, विपक्ष ने उसे जानबूझकर मोहरा बनाया और वीडियो वायरल कर पुलिस पर क्रॉस केस दर्ज कराने का दबाव बनाने की कोशिश की, ताकि पूरे मामले को गलत दिशा में मोड़ा जा सके।
गौरतलब है कि इस संघर्ष में हाकम समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें हाकम की हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया था। अब वीडियो की सच्चाई सामने आने के बाद पूरे मामले ने और भी गंभीर रूप ले लिया है।
अब सवाल उठ रहे हैं कि इस साजिश के पीछे आखिर कौन लोग हैं और किसके इशारे पर कानून व पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0