शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का झांसा, 55.48 लाख की साइबर ठगी; अमृतसर से आरोपी गिरफ्तार
शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का झांसा, 55.48 लाख की साइबर ठगी; अमृतसर से आरोपी गिरफ्तार
IIFL Wealth Management का नाम लेकर शेयर-IPO निवेश के नाम पर ठगी, आरोपी के खाते में पहुंचे थे 8.94 लाख रुपये
देहरादून। शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच एक व्यक्ति को लाखों रुपये का नुकसान करा गया। साइबर ठगों ने खुद को IIFL Wealth Management से जुड़ा बताकर पीड़ित को निवेश के नाम पर ऐसा जाल में फंसाया कि उससे अलग-अलग बैंक खातों में 55 लाख 48 हजार 412 रुपये ट्रांसफर करा लिए गए।
मामले की जांच में साइबर ठगी के अंतरराज्यीय नेटवर्क की एक अहम कड़ी सामने आई है। एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस ने अमृतसर, पंजाब से 20 वर्षीय प्रभजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ठगी की रकम में से 8 लाख 94 हजार 300 रुपये आरोपी के बैंक खाते में पहुंचे थे।
बैंक खाते की जांच से खुली ठगी की कड़ी
एसटीएफ कप्तान अजय सिंह के निर्देश पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून की टीम ने मामले की जांच के दौरान बैंकिंग ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता से ठगी गई रकम में से 25 लाख 48 हजार 412 रुपये प्रथम लेयर के संदिग्ध खाते M/S HARI OM TRADERS में ट्रांसफर हुए थे।
इसी रकम में से 3 लाख 18 हजार रुपये और 5 लाख 76 हजार 300 रुपये, यानी कुल 8 लाख 94 हजार 300 रुपये, आरोपी प्रभजीत सिंह के बैंक खाते में भेजे गए थे।
एटीएम और चेक से निकाली रकम
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने खाते में पहुंची रकम को एटीएम और चेक के माध्यम से निकालकर इस्तेमाल किया। बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से साइबर ठगी में उसकी सक्रिय भूमिका सामने आने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज कर दी।
इसके बाद साइबर पुलिस टीम ने अमृतसर में दबिश देकर तारा वाला पुल, जालंधर रोड, अमृतसर से प्रभजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के सुराग
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने गिरोह के लिए अन्य बैंक खातों से भी साइबर ठगी की रकम निकालने की बात स्वीकार की है। आरोपी से पूछताछ के दौरान गिरोह में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
अब पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के साथ-साथ ठगी की रकम की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच हुई थी ठगी
पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता से 16 दिसंबर 2025 से 28 जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में RTGS के जरिए रकम जमा कराई गई थी। मामले में आईटी एक्ट के तहत साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी:
प्रभजीत सिंह पुत्र स्व. जोगेन्द्र सिंह, निवासी गली नंबर 07, भल्ला कॉलोनी, छेहरटा, अमृतसर, पंजाब। उम्र करीब 20 वर्ष।
कार्रवाई करने वाली टीम:
- निरीक्षक विजय भारती — विवेचक
- उपनिरीक्षक रमन बिष्ट
- अपर उपनिरीक्षक पवन कुमार यादव
- कांस्टेबल सोहन बडोनी
नई दस्तक की अपील: शेयर बाजार में निवेश के नाम पर आने वाले अनजान कॉल, व्हाट्सऐप ग्रुप, लिंक या ऐप पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच करें। किसी भी व्यक्ति या संस्था के कहने पर बड़ी रकम ट्रांसफर करने से बचें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
