भैंस खरीदने आए युवक से ₹1 लाख की लूट का खुलासा, लक्सर पुलिस ने 4 आरोपी दबोचे, ₹80 हजार नकद व तमंचा बरामद'
नई दस्तक:
लक्सर। हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में भैंस खरीदने आए युवक से एक लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से 80 हजार रुपये नकद, एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस मामले में एक महिला आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार भगवानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिहचंदी निवासी इमरान ने 20 जुलाई 2026 को कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जुलाई को भैंस खरीदने के लिए एक लाख रुपये लेकर आने के दौरान चार अज्ञात लोगों ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी देते हुए नकदी लूट ली। शिकायत के आधार पर कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, स्थानीय सूचना तंत्र और गहन सुरागरसी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान एक महिला आरोपी को 28 जुलाई को उसके हिस्से में आए 10 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में महिला ने घटना में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इसके बाद लगातार दबिश और तलाश अभियान चलाते हुए पुलिस ने 31 जुलाई को लक्सर क्षेत्र से चारों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 80 हजार रुपये नकद बरामद किए। मुख्य आरोपी सुधांशु उर्फ काका के पास से एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु उर्फ काका निवासी अकौढ़ा खुर्द, वंश निवासी कंकरखाता, अनुज निवासी अकौढ़ा खुर्द तथा आकाश निवासी अकौढ़ा खुर्द के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
