रुड़की: गोकशी मामले में फरार गैंगस्टर नौमान उर्फ काला गिरफ्तार, 100 किलो गोमांस बरामदगी प्रकरण में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रुड़की: गोकशी मामले में फरार गैंगस्टर नौमान उर्फ काला गिरफ्तार, 100 किलो गोमांस बरामदगी प्रकरण में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई, आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज
नई दस्तक | रुड़की/हरिद्वार
हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत कोतवाली रुड़की पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। गोकशी के मामले में फरार चल रहे गैंगस्टर नौमान उर्फ काला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के कई मुकदमे दर्ज हैं और उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जोरासी स्थित मटर फैक्ट्री के पीछे गोकशी की जा रही है। सूचना मिलते ही कोतवाली रुड़की पुलिस ने मौके पर छापेमारी की। हालांकि पुलिस को देखकर आरोपी नौमान उर्फ काला फरार हो गया, लेकिन मौके से लगभग 100 किलोग्राम गोमांस बरामद किया गया।
बरामदगी के आधार पर कोतवाली रुड़की में मुकदमा अपराध संख्या 319/2026 के तहत गोवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 3/5/11 में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया।
लगातार की जा रही तलाश और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने लक्सर रोड स्थित लंढौरा चौक से आरोपी नौमान उर्फ काला पुत्र शाहनवाज, निवासी ग्राम जोरासी जबलपुर, कोतवाली रुड़की, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार उसके दूसरे साथी की तलाश जारी है।
आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध गोवंश संरक्षण अधिनियम के कई मामलों के अलावा गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 से 2026 के बीच कुल आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जिनमें अधिकांश गोवंश संरक्षण अधिनियम से संबंधित हैं।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली टीम में उपनिरीक्षक चंद्र मोहन सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप भंडारी तथा कांस्टेबल अनुप लिंगवाल शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
