होली की मस्ती बनी हंगामा! बिशनपुर कुंडी में दो गुटों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों और पथराव का वीडियो वायरल

Mar 5, 2026 - 05:04
 0

हरिद्वार: रंगों के त्योहार पर खुशियों की जगह उस वक्त चीख-पुकार गूंज उठी, जब जनपद हरिद्वार के बिशनपुर कुंडी, थाना पथरी क्षेत्र में होली खेलने के दौरान दो पक्षों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। चंद मिनटों में माहौल इतना बिगड़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और पथराव शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होली खेलते समय हुई हल्की नोकझोंक ने अचानक उग्र रूप ले लिया। देखते ही देखते आसपास के लोग भी जुट गए और करीब 40-50 लोगों की भीड़ आमने-सामने आ गई। वायरल हो रहे वीडियो में लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से वार करते और पत्थर फेंकते साफ दिखाई दे रहे हैं। हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल पर महिलाएं भी मौजूद थीं, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए।


संघर्ष में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल बना रहा।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना पथरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम बताई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0